वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के चलते केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्‍मृति ईरानी को हाल ही में सूचना प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्‍त प्रभार दिया गया है। इसी के चलते उन्होंने हाल ही में सरकारी टीवी चैनल दूरदर्शन और सरकारी रेडियो चैनल ऑल इंडिया रेडियो के दफ्तर में औचक निरीक्षण किया। दूरदर्शन में इस दौरान उन्हें एक कर्मचारी दफ्तर में सोता हुआ मिला। केंद्रीय मंत्री ने कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है। स्मृति ईरानी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जो भी कर्मचारी सक्रियता से काम नहीं करेगा और नियमित नहीं होगा उसके साथ ऐसा ही बर्ताब किया जाएगा।

दरअसल रविवार को स्मृति ईरानी ने दूरदर्शन के एक वरिष्ठ अधिकारी को अपने दिल्ली स्थित घर पर बुलाया, इसके बाद दोनों दिल्ली के मंडी हाउस स्थित दूरदर्शन के दफ्तर के लिए रवाना हुए। दूरदर्शन के ऑफिस में औचक निरीक्षण करते हुए वह टेक्निकल रूम में पहुंच गईं, जहां एक वरिष्ठ अधिकारी सोता पाया गया। मंत्री ने पहले अपना फोन निकाला और सोते हुए कर्मचारी की तस्वीर ली। जब अधिकारी जागा तो बताया गया कि उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में सरकार के अतिरिक्त सचिव द्वारा जांच कराए जाने के आदेश दिए हैं और दूरदर्शन में किसी भी प्रकार की अनियमितताओं की रिपोर्ट मांगी है। वह आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण कर सकती हैं। बता दें कि वेंकैया नायडू को एनडीए ने उप राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस वजह से नायडू को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। पहले से कपड़ा मंत्रालय संभाल रहीं स्मृति ईरानी को सूचना एंव प्रसारण का अतिरिक्त प्रभार सौंपना पड़ा था। इससे पहले वह मानव संसाधन विकास मंत्रालय की मंत्री थीं। उन्हें आईबी मंत्रालय मिलने को उनके ‘प्रमोशन’ के तौर पर देखा गया है।