Delhi Assembly Elections: दिल्ली में विधानसभा चुनाव ऐलान के बाद बीजेपी ने सत्ता में वापसी के लिए अपने प्रयास और तेज कर दिए हैं। BJP के सीनियर नेता बैजयंत पांडा ने AAP को “धोखाधड़ी” करने वाली पार्टी करार देते हुए मंगलवार को कहा कि अगर BJP दिल्ली में सत्ता में आती है तो वह मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं में इजाफा करेगी तथा अन्य राज्यों की तरह महिलाओं को लाभ पहुंचाएगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए BJP के इंचार्ज ने PTI से कहा कि उनकी पार्टी का दिल्ली में 50% से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में उसका वोट प्रतिशत लोकसभा चुनावों के वोट के बराबर पहुंच रहा है।
BJP कैंडिडेट रमेश बिधूड़ी द्वारा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर विवादास्पद टिप्पणी किए जाने के एक दिन बाद पांडा ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा अपने सदस्यों को सोच-विचार कर बोलने की सलाह देती है। उन्होंने AAP नेता से “राजनीतिक सवालों” का जवाब देने को कहा।
Delhi Elections: दिल्ली में BJP को ये कमजोरी पड़ सकती है भारी, कई खतरों से भी रहना होगा सावधान
बैजयंत पांडा ने दावा किया कि “उनके (आतिशी के) परिवार ने संसद हमले के दोषी अफजल गुरु का पुरजोर समर्थन किया था।” उन्होंने कहा, “उन्होंने (आतिशी ने) अब भी खुद को इससे अलग नहीं किया है। उनकी अपनी पार्टी महिलाओं का अपमान करती है। पूर्व मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) जब जेल में थे, तब उन्होंने (आतिशी को) सार्वजनिक तौर पर काम चलाऊ मुख्यमंत्री कहा था। यह अपमान है।”
‘मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं में इजाफा करेगी BJP’
BJP उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वह मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं में इजाफा करेगी। बैजयंत पांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने की पहले ही घोषणा कर चुके हैं। अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भाजपा इन योजनाओं को बंद कर देगी। पांडा ने इस दावे को दुष्प्रचार करार दिया।
उन्होंने AAP को दिल्ली के लिए “आपदा” बताते हुए कहा, “बड़ा अंतर यह होगा कि हम लोगों को वैसा ही लाभ पहुंचाएंगे जैसा हमने अन्य राज्यों में पहुंचाया है और हम इसे भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से करेंगे।”
‘AAP लोगों को धोखा देती है, वे धोखेबाज हैं’
ओडिशा और मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं को दी जाने वाली वित्तीय सहायता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “दिल्ली में भी हम महिलाओं को निश्चित रूप से सुविधाएं प्रदान करेंगे। AAP लोगों को धोखा देती है। वे धोखेबाज हैं।”
उन्होंने कहा कि अगर AAP सरकार ईमानदार होती, तो वह महिलाओं को वित्तीय सहायता देना शुरू कर देती। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पंजाब में किये गए इसी तरह के वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा, “वे (आप सरकार) जानते हैं कि वे ऐसा करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। पहली बार दिल्ली (का बजट) घाटे में है।” (इनपुट – भाषा)