महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता देश भर में पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता राज्य, जिला और बूथ स्तर पर महात्मा गांधी की सत्य व अहिंसा के संदेश व सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को इस आशय की जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी। भाजपा अध्यक्ष अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर में के सात विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा, ‘साल 2022 में जब हमारा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाएंगा और इस साल हम गांधीजी के जन्म की 150 वर्षगांठ मना रहे हैं।
इस अवसर पर गुजरात के भाजपा कार्यकर्ताओं को लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य तय करना चाहिए कि वह गांधी के सिद्धांत व सीख को जन-जन तक पहुंचाएं।’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘पार्टी ने इस विषय पर निर्णय लिया है और इस बारे में आधिकारिक घोषणा आने वाले दिनों में जल्द ही की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न स्तरों जिसमें बूथ, जिला और राज्य शामिल हैं, 150 घंटे की पदयात्रा करेंगे।
सभी कार्यकर्ता देश भर में गांधीजी के सिद्धांतों और उनकी सीख का प्रसार करेंगे।’ अमित शाह ने गुजरात के लोगों की बिना किसी छुट्टी के 18 साल तक सेवा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। शाह ने कहा कि पीएम ने जातिवाद, वंशवाद की राजनीति और तुष्टिकरण की राजनीति समेत तीन बुराइयों को खत्म किया है।
उन्होंने कहा, ‘1960 के बाद चुनाव जाति, वंशवाद की राजनीति और तुष्टिकरण की राजनीति पर लड़े गए। लेकिन नरेंद्र भाई ने इस लोकसभा चुनाव में हमारे लोकतंत्र की इन तीन बुराइयों की ताबूत में आखिरी कील ठोक दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने काम की राजनीति की नई परंपरा की शुरुआत की है।’