Maharashtra govt formation: महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर चल रही रस्साकसी के बीच कांग्रेस वर्किंग कमेटी की दिल्ली में आज हुई बैठक में अशोक चव्हाण को डिप्टी सीएम बनाने का निर्णय लिया गया है। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस विधायकों की बैठक कल मुंबई में होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

एनसीपी मुखिया के ताजे बयान ने शिवसेना की बेचैनी फिर बढ़ा दी है। शिवसेना एक तरफ कह रही है कि सब कुछ फाइनल हो गया है। पार्टी एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रही है। दूसरी तरफ शरद पवार का बयान उसको बेचैन कर देता है। गुरुवार को शरद पवार ने संवाददाताओं से कहा,’अभी कुछ भी बताने लायक नहीं है।’ इससे महाराष्ट्र में सरकार बनने को लेकर फिर सस्पेंस की स्थिति आ गई।

संसद के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन संसद में कांग्रेस ने इलेक्टोरल बांड और चुनावी चंदे को लेकर दूसरी विपक्षी पार्टियों के साथ हंगामा किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि बांड से बीजेपी को फायदा हुआ है। पार्टी ने सरकार से इस पर जवाब भी मांगा। बाद में पार्टी ने सदन से  वॉक आउट कर दिया।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रों के आंदोलन और दिल्ली पुलिस से टकराव पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से पूरी स्थिति पर जवाब मांगा है। शाह ने उनसे कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर दखल देकर हालात को जल्द से जल्द सामान्य करें।

शिवसेना नेता संजय राउत ने अपने ट्वीट में लिखा- “हम बुरे ही ठीक हैं, जब अच्छे थे तब कौन सा मेडल मिल गया था।” गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर शिवसेना, कांग्रेस-एनसीपी के बीच मंथन जारी है।

Live Blog

16:13 (IST)21 Nov 2019
जमीयत उलमा-ए-हिंद नहीं दाखिल करेगी समीक्षा याचिका

जमीयत उलमा-ए-हिंद ने स्पष्टीकरण जारी कर साफ किया है कि वह समीक्षा याचिका नहीं दाखिल करेगी।  कहा, "जमीयत उलमा-ए-हिंद ने एक प्रस्ताव पारित किया है कि वह बाबरी मस्जिद और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और वक्फ द्वारा प्रबंधित मस्जिदों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ समीक्षा याचिका दायर नहीं करेगा।"

16:08 (IST)21 Nov 2019

महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए आम सहमति होने पर  बार-बार बाधाएं आ जाती हैं। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच बातचीत का अंतिम निर्णय साफ नहीं हो पा रहा है। इस बीच  शरद पवार का बयान 'अभी कुछ भी बताने लायक नहीं है' ने शिवसेना की धड़कने फिर बढ़ा दी हैं।  

14:44 (IST)21 Nov 2019
शरद पवार ने फिर बढ़ाई शिवसेना की धड़कने, कहा, 'अभी कुछ भी बताने लायक नहीं है।'

महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए आम सहमति होने पर  बार-बार बाधाएं आ जाती हैं। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच बातचीत का अंतिम निर्णय साफ नहीं हो पा रहा है। इस बीच  शरद पवार का बयान 'अभी कुछ भी बताने लायक नहीं है' ने शिवसेना की धड़कने फिर बढ़ा दी हैं।  

14:24 (IST)21 Nov 2019
सुप्रीम कोर्ट ने यूपी में शादी समारोह में डीजे बजाने से रोक हटाई

उत्तर प्रदेश में शादी समारोहों में डीजे पर लगी रोक को सुप्रीम कोर्ट ने हटा दिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ध्वनि प्रदूषण की वजह से इस पर शीर्ष अदालत ने रोक लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शादियों में डीजे की धुन पर थिरकने वालों के लिए रास्ता साफ हो गया है।

13:04 (IST)21 Nov 2019
रक्षा मंत्रालय के पैनल में साध्वी प्रज्ञा को शामिल करने पर भड़की कांग्रेस

कांग्रेस  नेराजनाथ सिंह के नेतृत्व वाले रक्षा मंत्रालय के पैनल में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को शामिल करने को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला किया है।

12:54 (IST)21 Nov 2019
किसी के अधिकार पर अंकुश न लगे, लेकिन देश की अखंडता भी बनी रहे : सॉलिसिटर जनरल

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी ज़िम्मेदारी है, ताकि भयावह स्थित न बने। किसी भी व्यक्ति के अधिकार पर कोई अंकुश नहीं लगाया जाना चाहिए, लेकिन साथ ही हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता खतरे में न पड़े।

12:52 (IST)21 Nov 2019
जेएनयू मामले पर अमित शाह नाराज, HRD Minister रमेश पोखरियाल निशंक से मांगी जानकारी 

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रों के आंदोलन और दिल्ली पुलिस से टकराव पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से पूरी स्थिति पर जवाब मांगा है। शाह ने उनसे कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर दखल देकर हालात को जल्द से जल्द सामान्य करें।

08:48 (IST)21 Nov 2019
बीएचयू विवाद पर मायावती का बयान

बीएचयू द्वारा एक अति-उपयुक्त मुस्लिम संस्कृत विद्वान को अपने शिक्षक के रूप में नियुक्त करना टैलेन्ट को सही प्रश्रय देना ही माना जाएगा और इस सम्बंध में मनोबल गिराने वाला कोई भी काम किसी को करने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जानी चाहिए। सरकार इसपर तुरन्त समुचित ध्यान दे तो बेहतर होगा।



17:25 (IST)20 Nov 2019
एटीएम से धोखे से पैसे निकालने के आरोप में चार विदेशी नागरिक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल पुलिस ने त्रिपुरा में एसबीआई के कई एटीएम से लाखों रुपए निकालने के आरोप में तुर्की और बांग्लादेश के दो-दो नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि त्रिपुरा पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया से तड़के उन्हें गिरफ्तार किया।

16:21 (IST)20 Nov 2019
बच्चों को अगवा करने के लिए स्वामी नित्यानंद के खिलाफ मामला दर्ज, 2 अनुयायी गिरफ्तार

गुजरात के अहमदाबाद में अपना आश्रम चलाने के लिए बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और उन्हें बंधक बनाकर रखने के आरोपों पर स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इन बच्चों को अनुयायियों से चंदा जुटाने के काम में लगाया गया था। पुलिस ने बुधवार (20 नवंबर) को यह जानकारी दी।

14:47 (IST)20 Nov 2019
होमगार्ड घोटाला जांच: फॉरेंसिक विभाग की दो सदस्यीय टीम नोएडा पहुंची

गौतमबुद्ध नगर में होम गार्डों की ड्यूटी लगाने में हुए करोड़ों के घोटाला मामले में 18 नवंबर की रात को अहम दस्तावेज जलने की घटना की जांच के लिए गुजरात से फॉरेंसिक विभाग की दो सदस्यीय टीम बुधवार (20 नवंबर) को ग्रेटर नोएडा पहुंची। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि यह टीम जिला कमांडेंट होमगार्ड के कार्यालय में हुई आगजनी की घटना की जांच कर रही है।

14:08 (IST)20 Nov 2019
गहीरमाथा समुद्री अभयारण्य में 22 मछुआरे गिरफ्तार

गहीरमाथा समुद्री अभयारण्य में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 22 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि ये मछुआरे केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपाड़ा में बातीघर एवं रामनगर के रहने वाले थे। इन सभी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठिये मछुआरों की मछली पकड़ने की जालियां हुकीटोला तट के पास जब्त की गयीं। ये मछुआरे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और उड़ीसा समुद्री मत्स्य नियम अधिनयम (ओएमएफआरए), 1982 के प्रावधानों का उल्लंघन कर अभयारण्य के गलियारे में पहुंच गए थे।

13:29 (IST)20 Nov 2019
अयोध्या मामले में पुर्निवचार याचिका से कुछ हासिल नहीं होगा :बसपा सांसद

बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने रामजन्म भूमि बाबरी मस्जिद फैसले पर पुर्निवचार याचिका दाखिल करने के ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुसलमानों के लिए फैसले को स्वीकार करने के सिवाय कोई और विकल्प नहीं है तथा पुर्निवचार याचिका से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है।

11:50 (IST)20 Nov 2019
स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण में फरीदाबाद को देश में दूसरा स्थान मिला

देश के स्वच्छता सर्वेक्षण, ग्रामीण में देश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले फरीदाबाद के जिला उपायुक्त अतुल द्विवेदी को केन्द्रीय पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री डीवी सदानन्द गौड़ा ने सम्मानित किया। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मंगलवार (19 नवंबर) को प्रवासी भारतीय केंद्र नई दिल्ली में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह कार्यक्रम में फरीदाबाद को सम्मानित किया गया।

11:22 (IST)20 Nov 2019
सरकारी उपक्रमों को खोखला कर बेच रही है सरकार: प्रियंका

एअर इंडिया और बीपीसीएल को बेचने से जुड़े वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार (20 नवंबर) को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह सरकार बेहतरीन सरकारी उपक्रमों को खोखला कर उन्हें बेचने का काम कर रही है। प्रियंका ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा। हमारे संस्थान हमारी शान हैं। ये ही हमारी ‘सोने की चिड़िया’ हैं।’

11:13 (IST)20 Nov 2019
दलित मामले की एनसीएससी करेगा जांच

पिटाई और मूत्र पीने के लिए विवश किए गए 37 वर्षीय दलित जगमेल सिंह की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) और उसके राज्य के समकक्ष संयुक्त रूप से जांच करेंगे। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने सोमवार को मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय दल का गठन किया था।

10:22 (IST)20 Nov 2019
50 करोड़ रुपए मूल्य की हेरोइन के साथ 2 गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके से दो लोगों को कथित रूप से पचास करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में मंगलवार (19 नवंबर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आज यहां इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान संजीत कुमार सिंह (34) और प्रदीप कुमार यादव (24) के रूप में की गई है और दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

09:56 (IST)20 Nov 2019
पीएम मोदी से आज मिलेंगे शरद पवार

NCP के मुखिया शरद पवार महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दे पर बुधवार (20 नवंबर) को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। बता दें कि पवार प्रधानमंत्री से मिलकर किसानों के लिए कुछ राहत की मांग करे सकते हैं।   

09:44 (IST)20 Nov 2019
भाजपा शिष्टमंडल ने उपराज्यपाल से मुलाकात की, वीडीसी को मजबूत करने की मांग की

केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के एक शिष्टमंडल ने यहां जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल जी सी मर्मु से मुलाकात की और ग्रामीण रक्षा समिति (वीडीसी) को मजबूत करने की मांग की। एक अधिकारी ने मंगलवार (19 नवंबर) को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण रक्षा समिति का गठन 1990 के दशक में किया गया था। इसका लक्ष्य आतंकवादी गतिविधियों को नियंत्रित करना तथा जो दूरदराज अथवा ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे हैं, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करना था।

09:15 (IST)20 Nov 2019
अल्पसंख्यक वोट बैंक खोने के डर से ममता आपा खो बैठी हैं:AIMIM

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ‘अल्पसंख्यक कट्टरता’ वाले बयान के लिए उन पर निशाना साधते हुए एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष जमीरुल हसन ने मंगलवार (19 नवंबर) को दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में अपनी पैठ बढ़ा रही है जिससे तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आपा खो बैठी हैं ‘क्योंकि उनकी राजनीति अल्पसंख्यक वोट बैंक के इर्द-गिर्द घूमती है।’

08:42 (IST)20 Nov 2019
भाजपा को कांग्रेस मुक्त भारत की कल्पना कभी नहीं करनी चाहिए: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार (19 नवंबर) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा को कांग्रेस मुक्त भारत की कल्पना कभी नहीं करनी चाहिए क्योंकि कांग्रेस का डीएनए भारत के संस्कार, संस्कृति, परंपराओं के साथ मेल खाता है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा के नेता क्या कहते है और क्या करते उसमें फर्क लोगों को महसूस होने लगा है और जनता ने अब इनको अस्वीकार कर दिया है।’

07:39 (IST)20 Nov 2019
मुंबई में इकबाल मिर्ची के दो फ्लैट की नीलामी में कोई बोली लगाने वाला नहीं मिला

कुख्यात नशा तस्कर एवं गैंगस्टर इकबाला मिर्ची की दो आलीशान संपत्तियों की नीलामी मंगलवार (19 नवंबर) को रद्द कर दी गई क्योंकि कोई उनकी बोली लगाने वाला नहीं मिला। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि वित्त मंत्रालय कार्यालय को मिर्ची के दोनों फ्लैटों की नीलामी के लिए उचित बोली नहीं मिली और इसके परिणामस्वरूप इसे रद्द कर दिया गया।

18:42 (IST)19 Nov 2019
भाजपा विधायक ने लगाया मंत्री पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

भाजपा के विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि एक बैठक के दौरान शिवपुरी जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बैठक में रघुवंशी ने मेडिकल कॉलेज का नामकरण महात्मा गांधी के नाम पर करने की बात कही थी जो कि कथित तौर पर मंत्री तोमर को नागवार गुजरी। हालांकि मंत्री तोमर ने भाजपा विधायक के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें नकार दिया। यह वाकया सोमवार (18 नवंबर) शाम शिवपुरी में जिला योजना समिति की बैठक के दौरान हुआ।

17:34 (IST)19 Nov 2019
सुरक्षा बलों को मिला आतंकियों के छिपने का ठिकाना, 7 आईईडी जब्त

सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले से मंगलवार (19 नवंबर) को आतंकवादियों के छिपने की एक जगह से आईईडी विस्फोटक और एक वायरलेस सेट बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।  उन्होंने बताया कि सुरनकोट के एक जंगल में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों के बारे में गांव वालों से प्राप्त सूचना के आधार पर रविवार को तलाशी अभियान चलाया गया जिसके बाद धैर जंगल में स्थित एक निर्जन ठिकाने से सात आईईडी विस्फोटक, एक गैस सिलेंडर और एक वायरलेस सेट जब्त किया गया।

16:22 (IST)19 Nov 2019
प्रतिबंध के बावूजद पराली जला रहे तीन किसान गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर जनपद में पराली जलाने पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने के आरोप में जेवर पुलिस ने तीन किसानों को गिरफ्तार किया है। जेवर के थानाप्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अग्रवाल ने मंगलवार (19 नवंबर) को बताया कि ग्राम जेवर खादर में किसान खेम सिंह, टेकचंद और देव अपने खेतों में पराली जला रहे थे। उन्होंने बताया कि किसानों को जब समझाने का प्रयास किया गया कि वे लोग पराली जलाकर उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं। वे नहीं माने और पुलिस दल से झगड़ा करने पर उतारु हो गए।

15:42 (IST)19 Nov 2019
नेहरु के नाम से कुछ लोगों का ब्लड प्रेशर बढ जाता है : गहलोत

जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों पर लाठी चार्ज को लेकर केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार व भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार (19 नवंबर) को कहा कि जवाहरलाल नेहरु के नाम से कुछ लोगों का बीपी (रक्तचाप/ब्लड प्रेशर) बढ़ जाता है। जेएनयू घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया में गहलोत ने बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘यह तो पीछे पड़े हुए हैं जेएनयू के, जहां जवाहरलाल नेहरु का नाम आता है वहां इनका बीपी बढ़ जाता है। उस रूप में फिर यह लोग कार्रवाई करते हैं। इस रूप में लोगों को गुमराह करते हैं मैं समझता हूं कि यह परंपराए ठीक नहीं है।’

14:44 (IST)19 Nov 2019
उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार बनेगा राम मंदिर: स्वतंत्रदेव सिंह

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि राम जन्मभूमि पर उच्चतम न्यायालय का फैसला सर्वमान्य है और राम मंदिर का निर्माण उसी के अनुसार होगा, फिर भी इस मामले में कोई न्यायालय जाना चाहता है तो जा सकता है। सिंह सोमवार (17 नवंबर) को वृंदावन पहुंचे थे। उन्होंने यहां मथुरा मार्ग स्थित श्रीपाद गोशाला में गोसेवा की और शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया।

14:20 (IST)19 Nov 2019
मार्शलों की वर्दी बदलने की होगी समीक्षा: पूर्व सैन्य अधिकारियों ने किया था विरोध

राज्यसभा में आसन की मदद के लिए तैनात रहने वाले मार्शलों की वर्दी में किए गए बदलाव का कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों और राजनेताओं द्वारा की गई आलोचना के बाद बाद सभापति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार (19 नवंबर) को इनकी वर्दी में बदलाव की समीक्षा के आदेश दिए। संसद के शीतकालीन सत्र की शुरूआत 18 नवंबर को हुई और इस दिन आसन की सहायता के लिए मौजूद रहने वाले मार्शल एकदम नयी वेषभूषा में नजर आए। 

13:33 (IST)19 Nov 2019
मोनिका बेदी को मिली उच्च न्यायालय से राहत

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने बॉलीवुड अभिनेत्री एवं अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की महिला मित्र मोनिका बेदी के फर्जी पासपोर्ट मामले में प्रदेश सरकार की पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी और निचली अदालतों द्वारा मोनिका के पक्ष में दिये गये फैसले को बरकरार रखा है। सरकारी वकील शशांक उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि न्यायमूर्ति विष्णु प्रताप सिंह चौहान की एकल पीठ ने सोमवार (18 नवंबर)  को अपने फैसले में मोनिका बेदी को फर्जी पासपोर्ट मामले में निचली अदालतों से दोषमुक्त करने के फैसले को सही ठहराया है।

13:04 (IST)19 Nov 2019
महादयी जल बंटवारे पर समझौता नहीं करेंगे: गोवा के मुख्यमंत्री

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पड़ोसी राज्य कर्नाटक के साथ महादयी नदी के जल बंटवारा विवाद पर लोगों से धैर्य बनाए रखने को कहा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार जल की धारा मोड़ने की अनुमति नहीं देगी। दरअसल केंद्र सरकार ने कर्नाटक को कलासा बंदुरी परियोजना के साथ आगे बढ़ने की कथित तौर पर मंजूरी दे दी थी। इस परियोजना का उद्देश्य महादयी नदी की जल धारा को मोड़ कर उत्तरी कर्नाटक के तीन जिलों में पेयजल मुहैया कराना है। इसके विरोध में गोवा में प्रदर्शन हुआ था।

11:53 (IST)19 Nov 2019
रक्षा मंत्री ने सियाचिन में सेना के जवानों और उनके कुलियों की मौत पर शोक जताया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सियाचिन ग्लेशियर पर हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना के जवानों और उनके कुलियों की मौत पर मंगलवार (19 नवंबर) को शोक जताया। सियाचिन ग्लेशियर के उत्तरी हिस्से में सोमवार (18 नवंबर) को दोपहर बाद हुए हिमस्खलन की चपेट में आने के कारण सेना के चार जवानों और दो कुलियों की मौत हो गई थी। सिंह ने ट्वीट किया, ‘सियाचिन में हिमस्खलन की चपेट में आने से जवानों और कुलियों की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। मैं उनके साहस और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा के लिए उन्हें सलाम करता हूं। उनके परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’

11:23 (IST)19 Nov 2019
मुखर्जी, मनमोहन और सोनिया ने दी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने मंगलवार (19 नवंबर) को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इन नेताओं ने शक्ति स्थल पहुंचकर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

11:05 (IST)19 Nov 2019
दिल्ली में मौसम सुहावना लेकिन वायु गुणवत्ता ‘खराब’ की श्रेणी में

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार (19 नवंबर) को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम का सामान्य तापमान है। सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता ‘खराब’ की श्रेणी में रही। मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आस पास रह सकता है।

10:13 (IST)19 Nov 2019
स्वयंभू बाबा के संस्थान से बेटियों को बाहर निकालने के लिए माता-पिता ने दायर की याचिका

एक दंपति ने सोमवार को गुजरात उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए अपनी दो बेटियों को सौंपे जाने की मांग की, जिन्हें यहां कथित रूप से स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद द्वारा चलाए जा रहे एक संस्थान में गैरकानूनी रूप से बंधक बना रखा है। याचिकाकर्ता जनार्दन शर्मा और उनकी पत्नी ने अदालत को बताया कि उन्होंने 2013 में बेंगलुरु में स्वामी नित्यानंद द्वारा चलाए जा रहे शैक्षिक संस्थान में अपनी चार बेटियों का दाखिला कराया था और तब उनकी आयु 7 से 15 वर्ष के बीच थी।

08:33 (IST)19 Nov 2019
त्रिपुरा की सांस्कृतिक विरासत को नष्ट करना चाहते थे मुगल : बिप्लव देव

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कहा कि मुगलों का इरादा अपनी कलाओं और वास्तुशिल्प को अत्यधिक बढ़ावा देकर राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नष्ट करने का था। देव ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि वे राज्य की सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करें। एक आधिकारिक बयान में उनके हवाले से कहा गया, ‘‘त्रिपुरा में कई अद्भुत चीजें हैं, जिनके बारे में लोग नहीं जानते हैं... मुगल अपनी कला और वास्तुशिल्प को अत्यधिक बढ़ावा देकर त्रिपुरा की संस्कृति को नष्ट करना चाहते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘माताबारी की देवी इतनी दिव्य है कि कछुआ भी अपनी अंतिम सांस लेने से पहले मंदिर तक जाता है। ये सभी चमत्कार सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के लायक हैं, क्योंकि कई लोग त्रिपुरा के चमत्कारों के बारे में नहीं जानते हैं।’’ 

08:32 (IST)19 Nov 2019
शरद-सोनिया की मुलाकात के बाद और गहराया महाराष्ट्र संकट

महाराष्ट्र में सियासी संकट लगातार गहराता जा रहा है। पहले माना जा रहा था कि शरद पवार (Sharad Pawar) और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की मुलाकात के बाद शिवसेना को समर्थन पर पत्ते खोले जा सकते हैं, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। शरद पवार ने बैठक के पहले कहा कि शिवसेना-बीजेपी से पूछिए सरकार का क्या होगा और बाद में कहा कि सोनिया गांधी से महाराष्ट्र सरकार गठन पर बातचीत नहीं हुई। एनसीपी सुप्रीमो का यह बयान साफ करता है कि शिवसेना की मुश्किल अभी कम नहीं हुई है। ऐसे में राज्य में NCP-Congress के समर्थन से Shiv Sena की सरकार बनने का रास्ता अभी साफ नहीं हुआ।