भारतीय मौसम विभाग भुवनेश्वर के एचआर बिस्वास ने बताया है कि चक्रवात ‘बुलबुल’ बंगाल की खाड़ी के ऊपर पश्चिम बंगाल तट और बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। शाम को ओडिशा में चक्रवात का प्रभाव घटेगा। ओडिशा के उत्तरी तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह सुल्तानपुर लोधी के बेर साहिब के गुरुद्वारा में मत्था टेका। यहां से पीएम करतारपुर कॉरिडोर के इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट के उद्घाटन के लिए पहुंचे। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर के लिए पाकिस्तान के पीएम इमरान खान को धन्यवाद दिया।
अयोध्या फैसले के बाद जम्मू और कश्मीर राज्य प्रशासन ने पूरे राज्य में धारा 144 लगा दी है। उच्च अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कानून व्यवस्था कायम रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए ऐहतियातन ऐसा निर्णय लिया गया है। कहा कि ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कई जगह कंटीले तारों का बाड़ लगाकर अराजकतत्वों को रोकने का इंतजाम किया गया है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद ढाई साल में 18 बार अयोध्या के दौरे पर गये।
भाजपा के एक नेता के मुताबिक उन्होंने (योगी) वहां रामलला के दर्शन भी किये जबकि इससे पहले विपक्षी नेता वहां जाने से कतराते थे।
उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने शनिवार को अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अदालत द्वारा विवादित जमीन पर अपना दावा खारिज होने का उन्हें कोई मलाल नहीं है। रिजवी ने यहां एक बयान में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। यह उन लोगों की जीत है जिन्होंने भगवान राम का मंदिर बनाने के लिये कानूनी लड़ाई लड़ी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को किसी की हार-जीत के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। फैसले को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं हैं जहां भाजपा के सहयोगियों और कांग्रेस की तरफ से फैसले का स्वागत किया गया तो मुस्लिम पक्ष का नेतृत्व करने वाले सुन्नी वक्फ बोर्ड ने कहा कि वह फैसले से संतुष्ट नहीं है और पुर्निवचार याचिका दायर कर सकता है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर) केके मुहम्मद ने अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अदालत का यह कहना कि पहले एक बहुत बड़ा भव्य मंदिर था, एएसआई के पुरातात्विक और ऐतिहासिक साक्ष्य के आधार पर निकला निष्कर्ष है।
देश में आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से एक दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली स्थगित कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अयोध्या विवाद के फैसले और सुरक्षा उपायों को ध्यान में रखते हुए इसे स्थगित किया गया है। नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
चक्रवाती तूफान 'बुलबुल' देर शाम तक पश्चिम बंगाल में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार ‘बुलबुल’ अपने मार्ग में आने वाले तटीय क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल के आस-पास के जिलों में तबाही मचा सकता है। घर, सड़कें, संचार और विद्युत सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। राज्य सरकार आने वाले खतरे को देखते हुए बचाव कार्य के लिए उचित कदम उठा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे 'बुलबुल' गंगासागर के 190 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। धीरे-धीरे कमजोर हो रहा यह चक्रवाती तूफान पश्चिम बंगाल के गंगासागर समूह और बांग्लादेश के खेपूपारा के तट को पार कर सकता है।
नोएडा के थाना जारचा क्षेत्र के पटारी गांव में पांच बदमाशों ने एक युवक की घर में घुसकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि हमले में मारे गए रोहित (22) के भाई सोनू राणा ने थाना जारचा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक रोहित शुक्रवार रात अपने घर पर था, तभी निट्टु, सोनू, विवेक, सन्नु और मनीष ने चाकू से हमला कर दिया।
अयोध्या विवाद पर फैसला सुनाने वाले जजों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की सुरक्षा Z से बढ़ाकर Z+ कर दी गई है। फैसले में शामिल अन्य जजों की सुरक्षा Y से Y+ कर दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी जजों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और इसे लैंडमार्क निर्णय बताया। उन्होंने लोगों से इसे सम्मान के साथ स्वीकार करने और देश में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेट कंट्रोल रूम में उच्च अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
दिल्ली की हवा में शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रदूषण का स्तर बढ़ा पाया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है।
केंद्रीय गृहसचिव अजय भल्ला गृह मंत्री अमित शाह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। अमित शाह अयोध्या फैसले के बाद उच्चस्तरीय सुरक्षा मीटिंग करेंगे। इसमें देश के सुरक्षा हालातों पर चर्चा की जाएगी।
देश के बुद्धिजीवी, समाजकर्मी और विभिन्न वर्गों के लोगों ने जनता से अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि फैसला चाहे जो भी हो, देश में सामाजिक भाईचारा बना रहना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली स्थित आवास पर आज पार्टी प्रवक्ताओं की मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में अयोध्या फैसला आने के बाद की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
अयोध्या पर ऐतिहासिक फैसला सुनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई अपने आवास 5 कृष्णा मेनन मार्ग नई दिल्ली से सुबह साढ़े नौ बजे निकलेंगे।
अयोध्या पर आज आ रहे सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने राज्य के सभी स्कूल-कालेजों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
चित्तूर जिले के बांगरुपलेम मंडल में एक वाहन के डिवाइडर से टकराने के बाद कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान जारी है।
झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और उसके सहयोगियों के खिलाफ बने महागठबंधन में सिर्फ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और राजद शामिल हुए हैं। तीनों दलों ने शुक्रवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा की जिसके अनुसार झामुमो 43, कांग्रेस 31 और राजद सिर्फ सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
भारत सरकार गांधी परिवार की सुरक्षा में बदलाव करने जा रही है। इसके तहत SPG की सुरक्षा हटाकर उन्हें CRPF की Z+ सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। सूत्रों ने बताया कि गृहमंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया है।
बीजेपी नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा ने हमारे खिलाफ हार्स ट्रेडिंग के आरोप लगाए हैं, उन्हें 48 घंटे के भीतर इस आरोप को साबित करना चाहिए या महाराष्ट्र के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि दोनों दलों के आरोप बेबुनियाद हैं।
महाराष्ट्र में सरकार पर सहमति नहीं बनी तो शिवसेना एनडीए छोड़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक शिवसेना के नेता इस बारे में स्पष्ट तौर पर मन बना चुके हैं। राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए बीजेपी से आश्वासन नहीं मिलने से शिवसेना ने तय किया है कि वह गठबंधन से अलग रहेगा।
किंग्स इलेवन पंजाब के मालिक नेस वाडिया ने बीसीसीआई को आईपीएल 2020 के हर मैच से पहले राष्ट्रगान गाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि बीसीसाआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली को यह प्रस्ताव विचार के लिए भेजा गया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फरीदाबाद में IRS (सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क) के 69 वें बैच के पासिंग आउट समारोह में कहा कि नए अफसर देश की कर व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने अफसरों का आह्वान किया कि वे लोगों को टैक्स अदा करने के लिए बने कानूनों की सही जानकारी दें।
महाराष्ट्र में सत्ता संकट के बीच शिवसेना ने अपने विधायकों की होटल में घेराबंदी कर दी है, हालांकि पार्टी ने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया। शिवसेना नेता संजय राउत बोले- यदि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगता है तो यह जनादेश का अपमान होगा।
श्री श्री रविशंकर ने करतारपुर कॉरिडोर को लेकर पाकिस्तान के बुलावे पर बयान दिया है। उन्होंने पहले से निर्धारित कार्यक्रम के चलते पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया।
शिवसेना नेता संजय राउत बोले- यदि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगता है तो यह जनादेश का अपमान होगा।
सीनियर बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी का आज जन्मदिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मौके पर उनके घर पहुंचे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उन्हें बधाई दी है।
महाराष्ट्रः बीजेपी के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री अमित शाह मुंबई के लिए रवाना हुए। भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को देर रात अमित शाह से मुलाकात की थी।
अयोध्या पर फैसले के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने सुरक्षा व्यवस्था पर बातचीत के लिए उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह और मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी को तलब किया है।
Tamil Nadu: तिरुनेलवेली-तंबरम स्पेशल ट्रेन के इंजिन पर मदुरै में गुरुवार रात एक पेड़ गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकलकर्मियों की मदद से रास्ता साफ किया गया, इसके बाद रेल यातायात सुचारू हो सका।
महाराष्ट्र के पूर्व डीजीपी अरविंद इनामदार का निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार की सुबह अंतिम सांस ली
महाराष्ट्र में सत्ता संकट के बीच शिवसेना ने अपने विधायकों की होटल में घेराबंदी कर दी है, हालांकि पार्टी ने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया। दूसरी तरफ एनसीपी और कांग्रेस ने बीजेपी पर जोड़तोड़ की कोशिश करने का आरोप लगाया है। बता दें कि बीजेपी पहले ही दूसरे दलों के 45 विधायकों के अपने समर्थन में होने का दावा कर चुकी है। बीजेपी को राज्य में सरकार बनाने के लिए 40 और विधायकों की जरूरत है।