Hindi News, 23 March 2019: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए 48 उम्मीदवारों वाली पांचवी सूची जारी कर दी है। शनिवार शाम करीब आठ बजे आई इस लिस्ट में पार्टी ने झारखंड, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बड़े पैमाने पर मौजूदा सांसदों का टिकट काटा। हिमाचल के हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को फिर से टिकट दिया गया, जबकि दो का सांसदों का पत्ता साफ कर दिया गया। वहां उनकी जगह दो नए चेहरे चुनावी मैदान में उतारे गए हैं। वहीं, झारखंड से सांसद करिया मुंडा का टिकट भी काट दिया गया।
नड्डा ने कहा कि श्रीपद नायक नॉर्थ गोवा, नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना से, जर्नादन मिश्रा रीवा से, जबलपुर से राकेश सिंह, अनुराग ठाकुर हमीरपुर से, सुरेश कश्यप शिमला से, किशन कपूर कांगड़ा से, निशिकांत दुबे गोड्डा से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
पार्टी ने लोकसभा चुनाव के अलावा दो राज्यों (गोवा और गुजरात) में उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशियों के नाम जारी किए। इससे पहले, शाम चार बजे पार्टी ने चौथी सूची जारी की थी, जिसमें 11 प्रत्याशियों के नाम थे। पार्टी अब तक 286 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है।
बकौल नड्डा, “मांड्या (कर्नाटक) में हम सुमालथा का निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर समर्थन करेंगे।” वह आगे बोले कि हजारीबाग से जयंत सिन्हा, खूंटी से अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर से विद्युत वरण महतो और धनबाद से पशुपति नाथ सिंह को टिकट दिया गया है।
भाजपा ने शनिवार को वर्ष 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की आय में हुई बढ़ोत्तरी का जिक्र करते हुए इसके स्रोत पर सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि उनके पास आय का कोई प्रत्यक्ष स्रोत नहीं है। कांग्रेस ने फिलहाल इस टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि गांधी के चुनावी हलफनामों के अनुसार, उनकी आय वर्ष 2004 में 55 लाख रुपये से बढकर वर्ष 2014 में नौ करोड़ रुपये हो गई। प्रसाद ने सवाल किया कि किसी सांसद की आय में इतनी बढोत्तरी कैसे हो सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2004 में अपने चुनावी हलफनामे में, उनकी आय 55 लाख 38 हजार 123 रुपये थी जबकि 2009 में यह बढ़कर दो करोड़ रुपये और 2014 में यह बढ़कर नौ करोड़ रुपये हो गई। हमें पता है कि एक सांसद कितना कमाता है। हम पूछना चाहते हैं कि आय के कोई प्रत्यक्ष स्रोत के बिना राहुल गांधी का विकास का मॉडल क्या है।’
कांग्रेस ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पर उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का शनिवार को आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस के नेता त्रजानो डी मेलो ने इस संबंध में भारत चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नीत गोवा सरकार ने 20 मार्च को शासनादेश जारी कर महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के सुदीन धावलिकर और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विजय सरदेसाई को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया था।
मनोहर र्पिरकर के निधन के बाद सावंत ने 19 मार्च को गोवा के नये मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। अगले दिन सामान्य प्रशासन की अवर सचिव वर्षा नाइक ने शासनादेश जारी कर धावलिकर एवं सरदेसाई की नियुक्ति की घोषणा की। प्रदेश कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के समक्ष दलील दी कि सरकार को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद ऐसी कोई घोषणा नहीं करनी चाहिए थी जो मतदाताओं को प्रभावित कर सकती है।
जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती कश्मीर की अनंतनाग सीट से चुनाव लड़ेंगी। महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को इसका ऐलान किया।
इंडियन प्रीमियर लीग का आज से आगाज हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई में खेला जाएगा।
महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। इस बंटवारे के तहत कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं एनसीपी के खाते में 20 सीटें आयी हैं।
कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को कांग्रेस नेतृत्व ने मना लिया है। खबरें हैं कि जितिन प्रसाद लखनऊ से चुनाव लड़ने के लिए भी मान गए हैं। दरअसल ऐसी खबरें आ रहीं थी कि जितिन प्रसाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसकी वजह ये बतायी जा रही थी कि जितिन प्रसाद धौरहरा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व उन्हें लखनऊ से चुनाव लड़ाना चाहता है।
भाजपा ने 11 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की।
केरल कांग्रेस के अध्यक्ष मुलाप्पल्ली रामचंद्रन ने दावा किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना साहिब से उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा है कि पटना मेरा शहर है, मैं यहां पैदा हुआ हूं, पढ़ा हूं और वकील बना हूं। यहां तक कि मैं काम राष्ट्रीय स्तर पर कर रहा हूं, लेकिन मेरा पटना के साथ एक भावनात्मक नाता है। मैं पार्टी का शुक्रगुजार हूं। पीएम मोदी, अमित शाह और अन्य लोगों का शुक्रगुजार हूं।
बिहार की पटना साहिब सीट से भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कट गया है। उनकी जगह केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को टिकट दिया गया है।
महाराजगंज- जनार्दन सिंह (भाजपा), सारण- राजीव प्रताप रूडी (भाजपा), हाजीपुर- पशुपति कुमार पारस (लोजपा), समस्तीपुर- राम सिंह पासवान, बेगुसराय- गिरिराज सिंह (भाजपा), खगड़िया- ...... (लोजपा), भागलपुर- अजय कुमार मंडल (जदयू), बांका- गिरिधारी यादव (जदयू), बक्सर- अश्विनी कुमार चौबे (भाजपा), नालंदा- कौशलेन्द्र कुमार (जदयू), पटना साहिब- रविशंकर प्रसाद (भाजपा), आरा- राजकुमार सिंह (भाजपा), बक्सर- अश्विनी कुमार चौबे (भाजपा), सासाराम- झेदी पासवान (भाजपा), काराकाट- महाबली सिंह (जदयू), जहानाबाद- चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी (जदयू), सुशील कुमार सिंह (भाजपा), गया- विजय कुमार मांझी, नवादा- चंदन कुमार (लोजपा), जमुई- चिराग कुमार पासवान (लोजपा)
पश्चिमी चंपारण- संजय जायसवाल, पूर्वी चंपारण- राधा मोहन सिंह, शिवहर- रमा देवी, सीतामढ़ी- डॉ. वरुण कुमार, मधुबनी- श्री अशोक कुमार यादव (भाजपा), सुपौल- दिलेश्वर कामत, अररिया- प्रदीप सिंह (भाजपा), किशन गंज- महमूद अशरफ (जदयू), कटिहार- दुलार चंद गोस्वामी, पूर्णिया- संतोष कुमार कुश्वाहा, मधेपुरा- दिनेश चंद्र यादव, दरभंगा- गोपाल जी ठाकुर (भाजपा), मुजफ्फपुर- अजय निषाद (भाजपा), वैशाली- वीणा देवी (लोजपा), गोपालगंज- आलोक कुमार सुमन (जदयू), सिवान- कविता सिंह (जदयू)
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भाजपा नेता राम बाबू द्विवेदी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। दरअसल राम बाबू द्विवेदी ने होलिका दहन के दौरान पूर्व सीएम अखिलेश यादव और मायावती की तस्वीरें भी जलायी थी। इसके चलते ही भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।