Hindi News Today, 15 March 2019 : उत्तराखंड भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ‘झूठ उत्पादन मशीन’ बन गयी है और राफेल तथा बालाकोट हवाई हमले के मुद्दों पर उसका रूख आगामी लोकसभा चुनावों में उसे महंगा पड़ने वाला है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने ”भाषा” से एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘कांग्रेस एक झूठ उत्पादन मशीन बन गयी है। जनता को गुमराह करने के लिए उन्होंने राफेल सौदे पर एक के बाद एक झूठ बोले। इस सौदे पर उच्चतम न्यायालय द्वारा सरकार को क्लीन चिट दिये जाने के बाद भी इस पार्टी ने इस मुद्दे पर झूठ फैलाना बंद नहीं किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘झूठ फैलाना इस पार्टी को आगामी लोकसभा चुनावों में बहुत महंगा साबित होने वाला है।’’ भट्ट ने कहा, ‘‘कांग्रेस के इन झूठों को जनता समझ चुकी है और चुनावों में उन्हें पूरी तरह खारिज करने के मूड में है।’’ उन्होंने दावा किया कि जनता नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री चुनने का मन बना चुकी है और कहा कि देश भर में एक भावना बन गयी है कि देश केवल मोदी के हाथों में सुरक्षित है।

उधर, कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने दक्षिण कश्मीर में दो घटनाओं में राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाये जाने की शुक्रवार को निंदा की और जम्मू कश्मीर प्रशासन से इन हमलों के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। पुलवामा जिले के गुलजारपुरा में बृहस्पतिवार की रात को आतंकवादियों की गोलीबारी में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि अनंतनाग जिले में नेशनल कांफ्रेंस के एक कार्यकर्ता को गोली मारकर घायल कर दिया गया था।

लोन ने कहा, ‘‘एक बार फिर राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। बिजबेहरा में नेकां कार्यकर्ता को निशाना बनाया जाना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह आत्मनिरीक्षण किये जाने का भी संकेत है। पिछले तीन दशकों में राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या करके कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।’’

Live Blog

21:34 (IST)15 Mar 2019
विधानसभा चुनाव 2019: यूपी में लगातार 11 रैलियों में एक साथ आएंगे अखिलेश यादव और मायावती

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तैयारी जोरो पर है। रूलिंग पार्टी को टक्कर देने के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजपार्टी एक साथ आई हैं। दोनों पार्टियों के प्रमुख अखिलेश यादव और मायावती लगातार 11 रैलियों में एक साथ नजर आएंगे। इनमें 7 अप्रैल को सहारनपुर में होने वाली रैली, 13 अप्रैल को बुढ़ाना, 16 अप्रैल को आगरा, 19 अप्रैल को मैनपुरी, 20 अप्रैल को रामपुर और फिरोजाबाद, 25 अप्रैल को कन्नौज और फैजाबाद में 1 मई को होने वाली रैलियां शामिल है।

21:13 (IST)15 Mar 2019
न्यूजीलैंड हमला: कल क्राइस्टचर्च कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी

पुलिस ने हमले के बाद चार लोगों को पकड़ा है। इनमें 3 पुरुष और एक महिला शामिल है। चारों में एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। फिलहाल मुख्यरूप से एक व्यक्ति को आरोपित किया गया है। जिसे शनिवार को क्राइस्टचर्च कोर्ट में पेश किया जाएगा।

21:08 (IST)15 Mar 2019
न्यूजीलैंड हमला: अंधाधुंध गोली मारते हुए की थी लाइव स्ट्रीमिंग, फेसबुक मे हटाया वीडियो

फेसबुक ने शुक्रवार को कहा कि उसने न्यूजीलैंड में दो मस्जिदों में हमला करने वाले संदिग्ध बंदूकधारी के लाइव वीडियो को तुरंत हटा दिया था। इस हमले में 49 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि 28 वर्षीय बंदूकधारी ने नजदीक से लोगों को अंधाधुंध गोली मारते हुए लाइव स्ट्रीमिंग करने से पहले ट्विटर पर एक नस्लीय पोस्ट डाली थी। सोशल नेटर्विकंग साइट ने कहा, 'पुलिस ने लाइव स्ट्रीमिंग शुरू होने के तुरंत बाद फेसबुक पर एक वीडियो के बारे में हमें सतर्क किया और हमने फौरन हमलावर के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट और वीडियो हटा दिए।'

20:57 (IST)15 Mar 2019
43 विमानों की खरीद के सौदे मामले में दीपक तलवार से पूछताछ करेगी ईडी

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को 2005 में फ्रांस की कंपनी एयरबस इंडस्ट्री से पूर्ववर्ती कंपनी इंडियन एयरलाइंस द्वारा 43 विमानों की खरीद से जुड़े एक नए धनशोधन (Money laundering) मामले में तिहाड़ जेल में लॉबिस्ट दीपक तलवार से पूछताछ करने की इजाजत दी। विशेष न्यायाधीश संतोष स्रेही मान ने ईडी को तलवार से पूछताछ करने की इजाजत दी। तलवार विदेशी एयरलाइनों को कथित रूप से फायदा पहुंचाने और राष्ट्रीय कंपनी एयर इंडिया को नुकसान पहुंचाने की सौदा-वार्ता से जुड़े एक भिन्न मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में है।

20:32 (IST)15 Mar 2019
शिरोमणि अकाली दल मेरे लायक नहीं था इसलिए छोड़ा: पूर्व सेनाध्यक्ष जेजे सिंह

पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) जोगिंदर जसवंत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) इसलिये छोड़ा क्योंकि वह (शिअद) उनके लायक नहीं था। उन्होंने कहा कि, 'मैंने अकाली दल इसलिये छोड़ा क्योंकि वह मेरे लायक नहीं था। ऐसा नहीं है कि उन्होंने मुझे निकाला। मैंने उन्हें (बादलों) बताया था कि मैं आपके साथ नहीं रह सकता।' पूर्व सेना प्रमुख 2017 में शिअद में शामिल हुए थे।

19:58 (IST)15 Mar 2019
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता वाई.एस.विवेकानंद रेड्डी का निधन, सीबीआई जांच की मांग कर रही पार्टी

आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता वाई.एस.विवेकानंद रेड्डी (68) का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की वजह दिल का दौरा जताई जा रही है, लेकिन निजी सहायक कृष्णा रेड्डी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं पार्टी ने उनकी मौत पर सीबीआई जांच की मांग की है।

19:25 (IST)15 Mar 2019
भीमा-कोरेगांव दोहरा देंगे: भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद

भीम आर्मी (Bhim Army) के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने दिल्ली के जंतर-मंतर से बहुजन हुंकार रैली की। आजाद ने रैली के दौरान कहा कि, वोट देने से पहले रोहित की शहादत को याद रखना, अत्याचारी, अत्याचारी होता है, वो कभी भी तुम्हारा हितेशी नहीं हो सकता। इसलिए मैंने कहा भीमा कोरेगांव दोहरा देंगे। अभी उसकी जरूरत नहीं है, जिस दिन देश के संविंधान पर आंच आई, भीमा-कोरेगांव दोहरा देंगे।'

18:33 (IST)15 Mar 2019
कांग्रेस ने हरियाणा के लिए बनाई समन्वय समिति, हुड्डा अध्यक्ष होंगे

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा के लिए 16 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया है जिसके अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे। कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद की ओर से जारी बयान के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने समिति के गठन को स्वीकृति प्रदान की।समन्वय समिति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अशोक तंवर, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी, कुलदीप बिश्नोई, अजय सिंह यादव और दीपेंद्र हुड्डा सहित 15 सदस्य शामिल हैं।

लोकसभा चुनाव से ऐन पहले आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) व जन सेना के बीच हुए गठबंधन पर तेलंगाना राष्ट्र समिति ने हमला बोला है। शुक्रवार (16 मार्च) को टीआरएस की के.कविता ने कहा, "यह महज एक राजनीतिक स्टंट है। अगर ये स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ें या फिर वह आंध्र में चंद्रबाबू नायडू संग चुनाव लड़ें, तब असल मुद्दा है। दोनों ही पार्टियों को गठबंधन के पीछे का कारण स्पष्ट करना होगा।"

18:07 (IST)15 Mar 2019
RLSP के एक और नेता ने पार्टी छोड़ी, उपेंद्र कुशवाहा पर साधा निशाना

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के संस्थापक सदस्यों में शामिल राम बिहारी सिंह ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी, जिससे उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली इस पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले एक झटका लगा है। आरएलएसपी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशवाहा पर भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को छोड़कर विपक्ष के महागठबंधन में शामिल होकर लोगों के साथ ‘‘विश्वासघात’’ करने का आरोप लगाया।

सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं उन कुछ लोगों में से था जिन्होंने उस समय कुशवाहा का समर्थन किया था जब उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद (यू) से अपना रास्ता अलग करने का फैसला किया था। लेकिन आज वह सर्वेसर्वा बन गये है। मैंने राजग छोड़कर महागठबंधन में शामिल होने के उनके निर्णय का भी विरोध किया था लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी और मनमाने ढ़ंग से निर्णय लिया। ऐसा करके उन्होंने राजग सहयोगी के रूप में उन्हें वोट देने वाले लोगों को धोखा दिया है।’’

17:20 (IST)15 Mar 2019
न्यूजीलैंडः मस्जिद पर आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या हुई 49

न्यूजीलैंड में मस्जिद पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है। न्यूजीलैंड पुलिस कमिश्नर माइक बुश ने एक बयान में यह जानकारी दी है। इससे पहले न्यूजीलैंड की पीएम ने अपने एक बयान में 40 लोगों के मरने की बात कही थी, वहीं कई लोगों को घायल बताया था। फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

15:50 (IST)15 Mar 2019
मुंबई ब्रिज हादसाः जानें अब तक का अपडेट

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल के नजदीक हुए फुटओवर ब्रिज हादसे में 6 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद सीएम देवेंद्र फडनवीस ने शुक्रवार की सुबह घटना स्थल का मुआयना किया। साथ ही फडनवीस ने हादसे में घायल लोगों से भी अस्पताल में मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए सीएम फडनवीस ने कहा कि इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं बीएमसी ने ब्रिज हादसे की जांच विजिलेंस को सौंप दी है और अगले 24 घंटे में इसकी रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

15:37 (IST)15 Mar 2019
दिल्लीः जैतपुर के दफ्तर में आग

दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के जैतपुर में एक कार्यालय में आग लग गयी। दमकल अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ दमकल अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग को दोपहर 1.55 बजे फोन आया जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि आग पर दोपहर ढाई बजे तक काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

15:10 (IST)15 Mar 2019
पोलाच्ची सेक्स स्कैंडल केस पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, एसपी के खिलाफ जांच की मांग

पोलाच्ची सेक्स स्कैंडल का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर मांग की गई है कि मामले की सीबीआई की जांच कोर्ट की निगरानी में हो और साथ ही कोयंबटूर के एसपी (ग्रामीण) आर.पंडिराजन के खिलाफ भी विभागीय जांच की मांग की गई है, क्योंकि उन्होंने एक पीड़िता की पहचान उजागर की है। 

14:29 (IST)15 Mar 2019
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पवन कल्याण की जन सेना और बसपा में गठबंधन

दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता पवन कल्याण की पार्टी जन सेना आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बसपा के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी। पवन कल्याण ने लखनऊ में मायावती के साथ मुलाकात की और कहा कि हम बहनजी मायावती को देश की प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। यह हमारी प्रबल इच्छा है।

14:23 (IST)15 Mar 2019
आईएसआई के अधिकारी ने की खुदकुशी

पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आईएसआई के एक पूर्व अधिकारी ने शुक्रवार को अपने घर के सीलिंग फैन से लटककर खुदकुशी कर ली। दरअसल पाकिस्तान का नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो ने उक्त अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में जांच कर रहा था। 

13:58 (IST)15 Mar 2019
ISI के अफसर ने खुदकुशी की

पाकिस्तान की खूफिया एजेंसी आईएसआई के एक अधिकारी असद मुनीर ने शुक्रवार को अपने घर में सीलिंग फैन से लटककर खुदकुशी कर ली। भ्रष्टाचार के एक मामले में पाकिस्तान का नेशनल अकाउंटिबिलिटी ब्यूरो (NAB) रिटार्यड ब्रिगेडियर के खिलाफ जांच कर रहा था। आईएसआई अधिकारी ने अपनी मौत से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है।

13:27 (IST)15 Mar 2019
वाईएसआर कांग्रेस के नेता की मौत, पीए ने जतायी हत्या की आशंका

आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस के नेता और वाईएसआर के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी के चाचा वाईएस विवेकानंद रेड्डी का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अब विवेकानंद रेड्डी के पीए कृष्णा रेड्डी ने मौत पर शंका जताते हुए पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करायी है। जिसके बाद पुलिस ने भी विवेकानंद रेड्डी की मौत की जांच शुरु कर दी है।

12:32 (IST)15 Mar 2019
न्यूजीलैंड मस्जिद हमलाः आतंकी हमले में 40 लोगों की मौत, कई घायल

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा ऑर्डन ने बताया है कि आतंकी हमले में 40 लोगों की मौत हुई है। खबर के अनुसार, आतंकियों ने 2 मस्जिदों पर हमला किया। फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है और एहतियातन क्राइस्टचर्च की सभी मस्जिदों के दरवाजे बंद रखने का आदेश दिया गया है। 

11:42 (IST)15 Mar 2019
राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को जारी किया नोटिस

राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। लालू प्रसाद यादव की इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बता दें कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले के 3 मामलों में जेल की सजा काट रहे हैं। अब मेडिकल आधार पर उन्होंने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को जवाब देने के लिए 2 हफ्ते का समय दिया है।

10:47 (IST)15 Mar 2019
सुप्रीम कोर्ट का निर्देश श्रीसंत के बैन पर पुनर्विचार करे बीसीसीआई

सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई को दिए एक निर्देश में कहा है कि वह श्रीसंत पर स्पॉट फिक्सिंग के मामले में लगे आजीवन प्रतिबंध पर एक बार फिर से पुनर्विचार करे। 

10:07 (IST)15 Mar 2019
पाकिस्तान से तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने बॉर्डर पर किया युद्धाभ्यास

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच खबर आयी है कि भारतीय वायुसेना ने गुरुवार रात पंजाब और जम्मू सीमा पर युद्धाभ्यास किया। इस युद्धाभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। बता दें कि हाल ही में खबर आयी थी कि पाकिस्तानी वायुसेना के विमानों ने हाल ही में एक बार फिर भारतीय सीमा के ईर्द-गिर्द उड़ान भरी थी।

09:39 (IST)15 Mar 2019
जम्मू कश्मीर आतंकी फंडिंग में एनआईए ने हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुख और नसीम गिलानी को भेजा समन

जम्मू कश्मीर में आतंकी फंडिंग पर लगाम लगाने के लिए एनआईए ने हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुख और नसीम गिलानी को फिर से समन भेजा है। दोनों नेताओं को क्रमशः 18 और 19 मार्च को जांच एजेंसी के सामने पेश होने को कहा गया है। बता दें कि इससे पहले भी एनआईए टेरर फंडिंग के मामले में दोनों नेताओं से पूछताछ कर चुकी है।

09:04 (IST)15 Mar 2019
आरएसएस ने चीन के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आर्थिक विंग SJM ने पीएम मोदी से अपील की है कि वह चीन को व्यापार के मामले में दिया गया मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा दिया गया है। आरएसएस की तरफ से यह मांग चीन द्वारा मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने के खिलाफ वीटो करने के लिए की गई है। 

08:03 (IST)15 Mar 2019
न्यूजीलैंड की मस्जिद में गोलीबारी, कई लोगों के मरने की आशंका

न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में स्थित एक मस्जिद में गोलीबारी होने की खबर है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस गोलीबारी में कई लोगों के मरने की आशंका है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। गोलीबारी की यह घटना क्राइस्टचर्च की अल-नूर मस्जिद में हुई है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपने घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी है।