Kangana Ranaut: भारतीय जनता पार्टी की सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने हिमाचल प्रदेश की सीएम सुक्खू सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। कंगना रनौत ने रविवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार कर्ज लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दे देती हैं। इसकी वजह से राज्य पर वित्तीय बोझ काफी बढ़ गया है।
शिमला के एक गांव में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि हर कोई जानता है कि भ्रष्टाचार मौजूद है और कांग्रेस शासित राज्य सरकारों ने अपने-अपने राज्यों को खोखला कर दिया है। उन्होंने हैरानी जताई कि पार्टी चुनावों पर इतना पैसा कैसे खर्च कर सकती है।
कंगना रनौत का सोनिया गांधी पर निशाना
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंगना रनौत ने कहा कि अगर हम रिलीफ फंड देते हैं, तो इसे सीएम राहत कोष में जाना चाहिए, लेकिन सभी जानते हैं कि यह सोनिया राहत कोष में जाता है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार राज्य को दशकों पीछे ले गई है और मैं लोगों से सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करूंगी। रनौत ने हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोग सड़कों पर गड्ढों से थक चुके हैं, लेकिन उन्होंने इस परेशानी का समाधान करने के लिए कुछ भी नहीं किया।
प्राइमरी स्कूलों में खेल की सुविधाओं में भी कटौती की जा रही- कंगना रनौत
भारतीय जनता पार्टी की सांसद ने राज्य में आर्थिक संकट की तरफ इशारा किया। इसमें लोगों के वेतन और पेशन में देरी भी शामिल है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राइमरी स्कूलों में खेल की सुविधाओं में भी कटौती की जा रही है। इसको उन्होंने हिमाचल के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। इतना ही नहीं उन्होंने एक परिसर को विकसित करने का वादा किया।
बीजेपी ने राज्य में मौजूदा संकट के लिए सीएम सुक्खू को जिम्मेदार ठहराया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने हाल ही में कहा कि स्थिति इतनी गंभीर है कि विकास के लिए केवल 28 फीसदी बजट मौजूद है। वहीं, साल 2017-18 में यह 39.56 फीसदी था। उन्होंने कहा कि वेतन और पेंशन पर बजट का 40 फीसदी खर्च किया जा रहा है, जबकि 2017-18 में यह केवल 27 फीसदी था।