भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को हिमाचल प्रदेश के विलासपुर में थे। उन्होंने कांग्रेस पर एक बार फिर से तीखा वार दिया। वो बोले कि इंडियन नेशनल कांग्रेस कहना गलत है। न तो ये इंडियन हैं न ही नेशनल और न ही कांग्रेस। राहुल प्रियंका पर निशाना साध कहा कि ये केवल भाई बहन की पार्टी है।
हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। जहां पहले के चुनाव में हमेशा कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला होता रहा है, वहीं इस बार आम आदमी पार्टी राज्य में पैर जमाने की कोशिश कर रही है। हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में आप ने पंजाब में सत्ता हासिल की है। हालांकि नड्डा के निशाने पर फिर से कांग्रेस ही रही।
एक सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा कि राज्य के किसी भी मंत्री को नहीं बदला जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि भाजपा के मौजूदा 10 से 15 प्रतिशत विधायकों को चुनाव में टिकट नहीं मिल सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के 10 से 15 फीसदी विधायकों को टिकट नहीं मिला। हिमाचल में भी ऐसा होने की संभावना है।
नड्डा ने कहा कि भाजपा पंजाब में मुख्य राजनीतिक दलों में से एक के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में पहले 117 विधानसभा सीट में से केवल 23 सीट पर गठबंधन सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ती थी, लेकिन हाल में वहां हुए चुनाव में उसने गठबंधन के वरिष्ठ सहयोगी के रूप में 68 सीट पर चुनाव लड़ा था। इसलिए, भाजपा अगले चुनाव में पंजाब में एक प्रमुख वैचारिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
उधर, सोशल मीडिया पर नड्डा का कांग्रेस पर वार कुछ लोगों को ठीक नहीं लगा। संतोष ने लिखा कि संघी- अंग्रेजों के जूते चाटने वाले लोग। एक यूजर ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी न तो भारतीय है और न ही ये जनता के लिए काम करती है। पार्टी के बजाए ये एक कम्युनल ग्रुप है। जॉन सैमुअल ने तंज कसते हुए लिखा कि जेपी नड्डा ने ही भारत की खोज की है।