Hemant Soren: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को क्या गिरफ्तार कर लिया जाएगा? इस सवाल को लेकर राजनीतिक परिदृश्य में चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है। सवाल नंबर दो यह है कि अगर सोरेन की गिरफ्तारी होती तो राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? यह दोनों ऐसे सवाल हैं, जिसको लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक हलकों में कयासबाजी चल रही है।
इन्हीं सब मुद्दों को ध्यान में रखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने मंगलवार को खुद एक के बाद एक दो बैठकें की। पहली बैठक में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। ठीक इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक में 43 विधायक मौजूद रहे, जबकि चार विधायक नहीं थे। शामिल न होने वाले चार विधायकों में- सीता सोरेन, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा और लोबिन हेंब्रम का नाम है। यह चारों विधायक JMM के ही हैं।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि बैठक में प्लान B पर भी मंत्रणा हुई। अगर ईडी सीएम सोरेन को गिरफ्तार करती है तो ऐसी कंडीशन में सरकार का क्या होगा? इस मुद्दे पर भी बात हुई। विधायक दल की मीटिंग दो घंटे हुई। वहीं ईडी मुख्यमंत्री सोरेन से बुधवार (31 जनवरी) 1 बजे मुख्यमंत्री हाउस में पूछताछ करेगी।
विधायक दल की बैठक से निकलने के बाद विधायकों ने कहा कि सीएम सोरेन को महागठबंधन के सभी विधायकों ने इस बात भरोसा दिया कि उन्हें पूरे पांच साल के लिए मुख्यमंत्री चुना है। आखिर तक वही रहेंगे और कल सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास जाएंगे।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बड़ा बयान दिया। बन्ना ने कहा कि हम सब सरकार के साथ हैं। सोरेन ईडी की पूछताछ में रहेंगे। उन्होंने खुद कहा है कि सरकार नहीं गिरेगी। गिरफ्तारी जैसा कुछ हुआ देखेंगे। पूरी दमदारी के साथ सरकार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अभी कल्पना सोरेन पर कोई बात नहीं होई। जब जरूरत पड़ेगी, तब देखा जाएगा कि सीएम किसे बनाया जाएगा।
कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि सोरेन की पत्नी कल्पना को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन इस पर सबसे बड़ा पेंच यह फंस रहा है कि उनको लेकर सोरेन परिवार में ही सहमति नहीं है।
सूत्रों का यहां तक कहना है कि सीता सोरेन और बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन के नाम पर सहमत नहीं है। सीता सोरेन जेएमएम की विधायक हैं। वो हेमंत सोरेन के दिवंगत बड़े भाई दुर्गा सोरेन की पत्नी हैं। वहीं बसंत सोरेन सीएम सोरेन के छोटे भाई हैं।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी दावा किया कि सीता सोरेन और बसंत सोरेन सीएम पद के लिए कल्पना सोरेन के लिए राजी नहीं हैं। दूसरी तरफ कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाए जाने में कानूनी अड़चनों का भी हवाला दिया जा रहा है। क्योंकि वर्तमान में वो विधायक नहीं हैं, लेकिन एक विधायक सीट छोड़ चुके हैं। इसके बाद से संभावना जताई जा रही है कि कल्पना मुख्यमंत्री बन सकती हैं।
ईडी की सोरेन से पूछताछ के मद्देनजर रांची में बुधवार सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक धारा 144 लागू रहेगी। शांति व्यवस्था बनी रहे, इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने फैसला लिया है। मुख्यमंत्री आवास, ईडी कार्यालय और राजभवन के करीब धारा 144 लागू रहेगी।