राष्ट्रीय राजधानी समेत देश के कई हिस्सों में सोमवार (20 जून) को हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली जबकि उत्तर प्रदेश के एक गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सफदरजंग मौसम स्टेशन ने 10.1 मिमी बारिश दर्ज की जबकि लोधी रोड, पाल, रिज एवं आयानगर में वेधशालाओं ने शाम साढ़े पांच बजे तक क्रमश: 4.1 मिमी, 3.4 मिमी, 5.2 मिमी और 31.8 मिमी बारिश दर्ज की। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार (21 जून) को भी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा के भी कई शहरों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चंडीगढ़ में 37.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गय। हरियाणा के करनाल में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया जो राज्य का सर्वाधिक तापमान था जबकि पंजाब के अमृतसर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जो 35.3 डिग्री था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में आगामी दो दिनों में भारी बारिश का सोमवार (20 जून) को पूर्वानुमान लगाया। विभाग ने कहा कि मॉनसून ने करीब 90 प्रतिशत महाराष्ट्र को कवर किया है।

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के डुबरा गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वे खेतों में काम कर रहे थे। उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर रविवार (19 जून) से बारिश एवं गरज के साथ बौछारें पड़ रही हैं। राज्य में सर्वाधिक तापमान इटावा में दर्ज किया। वहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। कोलकाता में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। बिहार में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पटना में दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा।