शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। इस बारिश से जहां दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई जगहों पर पेड़ गिरने और जलजमाव की भी खबरें हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक बारिश हो सकती है।
यह लगातार दूसरा दिन है, जब दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई है। इससे पहले बुधवार और गुरुवार की रात को बारिश हुई थी। इससे पहले क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (RWFC) ने मौसम को लेकर जानकारी देते हुए कहा था कि पूरी दिल्ली और एनसीआर में मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।
वहीं भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने 16 जून से अगले पांच दिन तक दिल्ली में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली में अगले तीन से चार दिन तक 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा के चलने का अनुमान जताया गया है।
असम- असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश सहित पूरे पूर्वोत्तर में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिसके कारण कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सबसे ज्यादा खराब हालत असम में है। यहां अब तक बाढ़ और भूस्खलन से 46 लोगों की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार असम में गोलपारा जिले के आजाद नगर में भूस्खलन से एक घर गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं दीमा हसाओ और उदलगुरी में बाढ़ के पानी में दो व्यक्ति डूब गए।
बाकी राज्यों का हाल- दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में बंगाल, बिहार, झारखंड और उडीसा में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार और झारखंड में 19 जून तक और ओडिशा में 17 जून तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, यूपी, चंडीगढ़ और पंजाब में शुक्रवार और शनिवार को बारिश हो सकती है। वहीं आने वाले कुछ दिनों में गुजरात और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून दस्तक दे सकता है।