पिछले कुछ हफ्तों से देश के बड़े हिस्से में लू के थपेड़ों और तेज गर्मी ने आम लोगों को बेहाल कर दिया है। कई जगहों पर पारा 45 डिग्री को पार कर गया है। चिलचिलाती धूप व तपिश वाली गर्मी के चलते लोगों का बुरा हाल है। आलम यह है कि दोपहर के समय सड़क से गर्म भाप निगलती हुई महसूस होती है। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आती हैं। देश की राजधानी दिल्ली में तापमान दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का औसत मासिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा। देश की राजधानी में 72 वर्षों में अप्रैल के महीने में दूसरी बार सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में 28 अप्रैल और 29 अप्रैल को अधिकतम 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इसके पहले, दिल्ली में 29 अप्रैल 1941 को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बीच, लू से बचने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुछ सुझाव दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 28 अप्रैल तक उपलब्ध आंकड़ों के लिहाज से, इस साल अप्रैल के महीने में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में औसत अधिकतम तापमान पिछले 122 वर्षों में सबसे अधिक रहा है।
लू चलने के दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं, इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने पूरी लिस्ट जारी की है। घर के अंदर और छायादार जगह पर रहें। बाहर निकलते समय टोपी/तौलिया या छाते का इस्तेमाल करें। पतली ढीले सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें। पानी, लस्सी, नींबू पानी ओआरएस बार-बार पीते रहें। तरबूज खीरा संतरा जैसे पानी वाले फल खाएं, कमरे के तापमान को कम रखें, विंडो शेड्स/पर्दे कूलर-एसी का इस्तेमाल करें, इंडोर प्लांट्स आदि का इस्तेमाल करें।
बुजुर्ग व्यक्ति बच्चे और महिलाएं अगर अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं तो सबसे पहले उन्हें एक ठंडी जगह पर ले जाएं, कम से कम कपड़े पहनने चाहिए ठंडे पानी से स्पंज किया जाना चाहिए, और नजदीकी हेल्थ केयर सेंटर पर ले जाएं।
क्या न करें
धूप में बाहर न जाएं, खासकर दोपहर से 3 बजे तक के बीच। दोपहर में बाहर होने की स्थिति में ज्यादा मेहनत वाले काम करने से बचें। शराब, चाय, कॉफी आदि का सेवन न करें। पार्क किए गए वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें। गहरे रंग के टाइट सिंथेटिक कपड़े न पहनें।
दिल्ली के अलावा, देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण लू की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।