हरियाणा की राजनीति में पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल, पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल और बंसी लाल के परिवारों को काफी प्रभावशाली माना जाता है। 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में तीनों परिवारों को मिलाकर 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से कुछ एक-दूसरे के खिलाफ भी खड़े हैं। प्रदेश की राजनीति की पटकथा इन परिवारों के ज़िक्र के बिना अधूरी ही मानी जाती है। 

किस परिवार से कौन है उम्मीदवार? 

पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल का परिवार 

पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल के परिवार की राजनीतिक विरासत नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के नेतृत्व में उनके पोते अभय चौटाला और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के तौर पर  उनके परपोते और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बनाए रखी है। 

ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ऐलनाबाद विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व वे 2010 से कर रहे हैं। रनिया में नेशनल लोकदल (INLD) ने अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला को मैदान में उतारा है, जो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। देवी लाल के चौथे बेटे जगदीश चंद्र के बेटे आदित्य सिहाग को डबवाली विधानसभा से INLD का टिकट मिला है। देवी लाल के भतीजे कमलवीर सिंह के बेटे अमित सिहाग भी डबवाली से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। देवी लाल के बड़े बेटे प्रताप सिंह चौटाला की बहू सुनैना चौटाला फतेहाबाद से INLD उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं।

दुष्यंत चौटाला फिर से उचाना कलां से चुनावी मैदान में हैं। जबकि उनके छोटे भाई दिग्विजय जेजेपी के टिकट पर डबवाली से चुनाव लड़ेंगे, जहां उनका मुकाबला आदित्य और अमित सिहाग से होगा। देवी लाल के तीसरे बेटे रणजीत सिंह चौटाला भी रानिया से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।

पूर्व सीएम भजन लाल का परिवार 

पूर्व सीएम भजन लाल के परिवार के तीन सदस्य भी मैदान में हैं। उनके सबसे बड़े बेटे चंद्र मोहन जो कालका से तीन बार विधायक  और पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, अब  पंचकूला से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। चंद्र मोहन ने 2019 में पंचकूला से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के ज्ञान चंद गुप्ता से हार गए थे। भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई आदमपुर से भाजपा के उम्मीदवार हैं, जिस सीट से भव्य के पिता कुलदीप ने पहले चार बार प्रतिनिधित्व किया था। भजन लाल के भतीजे 66 वर्षीय दुरा राम, जो दो बार विधायक रह चुके हैं, फतेहाबाद से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्व सीएम बंसी लाल का परिवार 

पूर्व सीएम बंसीलाल के परिवार के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। उनकी पोती श्रुति चौधरी तोशाम से भाजपा की उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला उनके चचेरे भाई अनिरुद्ध चौधरी से होगा, जो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। श्रुति बंसीलाल के छोटे बेटे सुरेंद्र सिंह की बेटी हैं, जबकि अनिरुद्ध उनके सबसे बड़े बेटे रणबीर महेंद्र के बेटे हैं।