Haryana Vidhan Sabha Election/Chunav Results 2019: हरियाणा में अधिकतर पूर्वानुमानों को धता बताते हुए कांग्रेस ने जोरदार वापसी की है। बता दें कि जहां कई एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को पूरी तरह से किनारे कर दिया गया था। वहीं आज आए चुनावी नतीजों ने लोगों को हैरान किया है। दरअसल हरियाणा में कांग्रेस अभी 31 सीटों पर आगे हैं। हरियाणा में कांग्रेस की तरफ से सीएम पद का चेहरा माने जा रहे भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने विपक्षी पार्टियों के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने का दावा किया है। हिन्दुस्तान टाइम्स की एक खबर के अनुसार, हुड्डा ने तो यहां तक कह दिया है कि “यदि उन्हें पहले ही जिम्मेदारी दी गई होती तो कांग्रेस राज्य में पूर्ण बहुमत प्राप्त करती।”

यहां देखें LIVE नतीजेहरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2019

हुड्डा ने खुद को साबित कियाः हरियाणा चुनावों से पहले हरियाणा में कांग्रेस गुटबाजी में बिखरी नजर आ रही थी। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनमें विश्वास दिखाया और राज्य में चुनाव की बागडोर उन्हें सौंप दी। इसके लिए कांग्रेस ने अशोक तंवर को भी किनारे कर दिया था। इसका नतीजा ये निकला की अशोक तंवर ने बाद में पार्टी से ही इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा पार्टी के काडर में भी कोई बहुत ज्यादा उत्साह नहीं दिख रहा था। हालांकि इन सब विपरीत परिस्थितियों के बीच भी हुड्डा ने अपनी नेतृत्व क्षमता को साबित किया और पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में कांग्रेस का प्रचार भी उतना आक्रामक नहीं रहा। इसके बावजूद हरियाणा की इतनी सीटें आना कांग्रेस के लिए बड़ी राहत की बात है।

हालांकि हरियाणा में सरकार किसकी बनेगी यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। चुनाव नतीजों के बाद जेजेपी किंगमेकर की भूमिका में उभरी है। दरअसल यदि भाजपा जेजेपी को अपने साथ लाने में सफल रहती है तो वह आसानी से बहुमत साबित कर देगी। वहीं दूसरी तरफ यदि जेजेपी और कुछ निर्दलीय नेता कांग्रेस से हाथ मिलाते हैं तो कांग्रेस सत्ता पर काबिज हो सकती है।

न्यूज एजेंसी ANI के हवाले से खबर आयी है कि, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर आज देर शाम राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में खट्टर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

विधानसभा चुनाव परिणाम 2019 के लाइव अपडेट jansatta.com पर पाएं। साथ ही जानें महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लाइव नतीजे।