हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट है। हालांकि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा की सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी और उसका अभी आम आदमी पार्टी (आप) के साथ कोई गठबंधन नहीं है। अटकलें यह चल रही हैं कि जेजेपी AAP के कांग्रेस के साथ ना जाने की स्थिति में गठबंधन कर चुनाव लड़ सकती है। दुष्यंत चौटाला के बयान से भी ऐसी संभावना के पूरी तरह खत्म होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव : क्या बन रहे हैं नए समीकरण?

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जेल जाने से डर रहे हैं इसीलिए उनकी पार्टी ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।

चौटाला ने पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जजपा हरियाणा में विधानसभा की सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी और इस बार भी विधानसभा का ताला जजपा की चाबी से खुलेगा। अभी तक आप के साथ कोई गठबंधन नहीं है। वैसे भी आप का गठबंधन कांग्रेस के साथ है तो जजपा के साथ कैसे हो सकता है भला।”

जेजेपी विधायकों के पार्टी छोड़ने पर क्या बोले?

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रामकरण काला समेत अन्य विधायकों के जजपा छोड़कर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘‘काला के बेटे लोकसभा चुनावों में ही कांग्रेस में शामिल हो गए थे, अब रामकरण हो गए। कुछ विधायक लोकसभा चुनावों में भी भाजपा के पक्ष में रैलियां कर रहे थे, तो अब पार्टी में शामिल हो गए।’’

विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के सवाल पर जजपा नेता ने कहा कि एक सितंबर से पहले राजनीतिक मामलों की सलाहाकार समिति की बैठक बुलाकर प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा क्योंकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जेल जाने से डर रहे हैं। उनकी भाजपा के साथ सांठगांठ है।’’ दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं और जजपा के पास तीन ही हैं। हम नामांकन नहीं भर सकते लेकिन हमने पहले ही ऐलान किया था कि अगर कांग्रेस राज्यसभा में उम्मीदवार उतारती है तो हम साथ (कांग्रेस का) देंगे लेकिन हुड्डा हिम्मत नहीं दिखा पा रहे हैं। उन्हें जेल जाने का डर है।’’