Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा के रनिया विधानसभा सीट पर जब मतगणना शुरू हुई तभी से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) अर्जुन चौटाला बढ़त बनाए हुए थे। अर्जुन चौटाला ने 4191 वोटों से जीत हासिल की है और उन्हें कुल 43914 वोट मिले हैं।। ये सीट शुरुआत से ही काफी चर्चा में रही क्योंकि यहां मुकाबला दादा और पोते के बीच रहा।

दरअसल, इस विधानसभा सीट से अर्जुन चौटाला के सामने उनके दादा रणजीत चौटाला निर्दलीय चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे थे। रणजीत चौटाला तीसरे स्थान पर थे उन्हें 36401 वोट मिले। वहीं, दूसरे स्थान पर कांग्रेस के सर्व मित्तर हैं जिन्हें 39723 वोट मिले हैं।

Haryana Election Results 2024 LIVE: Check Here

यह सीट सिरसा जिले में स्थित है। इस बार के विधानसभा चुनावों में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। पिछले चुनावों में इस सीट पर रणजीत सिंह ने जीत हासिल की थी। उन्होंने हरियाणा लोकहित पार्टी के गोबिंद कांडा को हराया था। रणजीत सिंह को 53825 वोट मिले थे, जबकि गोबिंद कांडा को 34394 वोट मिले थे।

सिरसा जिले का हिस्सा है रनिया विधानसभा क्षेत्र

रनिया विधानसभा सीट हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से एक है, और इसे सामान्य श्रेणी की सीट के रूप में वर्गीकृत किया गया है। सिरसा जिले का यह निर्वाचन क्षेत्र सिरसा (एससी) लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यहां की जनसंख्या में लगभग 31.16% अनुसूचित जाति मतदाता हैं। क्षेत्र में कुल 143217 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 76372 और महिला मतदाताओं की संख्या 66845 है। यह क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है, और गेहूं, सब्जियां, चावल और कपास यहां की मुख्य फसलें हैं।

रनिया विधानसभा सीट इस बार इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यहां चौटाला परिवार के दो सदस्य, दादा-पोता, आमने-सामने हैं। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अर्जुन चौटाला को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला के बेटे हैं। अर्जुन पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, और उनकी यह राजनीतिक परीक्षा काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। उनके सामने उनके ही परिवार के अनुभवी सदस्य और उनके दादा रणजीत सिंह चौटाला होंगे, जो निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।

रणजीत सिंह चौटाला हरियाणा सरकार में ऊर्जा और जेल मंत्री हैं और हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनावों में हिसार सीट पर रणजीत सिंह ने चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें कांग्रेस के जयप्रकाश से हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में चौटाला परिवार की महिलाओं के बीच भी रोचक मुकाबला हुआ था, जहां नैना चौटाला और सुनैना चौटाला अलग-अलग पार्टियों से चुनाव मैदान में थीं।

चौटाला परिवार में पहले भी राजनीतिक टकराव देखने को मिला है, और इस बार रनिया विधानसभा सीट पर यह मुकाबला एक बार फिर से सुर्खियों में है। अर्जुन चौटाला, जो हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के नाती हैं, पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि रणजीत सिंह पहले से राजनीति में काफी अनुभवी हैं। ऐसे में रनिया सीट पर सियासी हलचल तेज है और देखने वाली बात होगी कि यह मुकाबला किस करवट बैठता है।