Haryana Assembly Election Results 2024: फतेहाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से पहले कांग्रेस आगे चल रही थी फिर बाद में भाजपा के दुरा राम ने बढ़त बना ली थी। लेकिन मतगणना के 14वें और अंतिम राउंड में कांग्रेस के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए इस विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल कर ली है। बलवान सिंह दौलतपुरिया को कुल 86172 वोट मिले हैं और उन्होंने ये जीत 2252 वोटों से हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी दुरा राम को कुल 83920 वोट मिले हैं।

Haryana Election Results 2024 LIVE: Check Here

फतेहाबाद हरियाणा का एक जिला है, जिसे 15 जुलाई 1997 को हिसार जिले से अलग किया गया था। यह जिला सिरसा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। 2011 की जनगणना के अनुसार, फतेहाबाद का क्षेत्रफल 2,538 वर्ग किलोमीटर है और यहां की जनसंख्या 942,011 है, जिसका जनसंख्या घनत्व 371 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है। इस जिले में लिंगानुपात 903 महिलाओं पर 1000 पुरुष है, और साक्षरता दर 69.1% है।

फतेहाबाद में दो उप-तहसीलें हैं, जिनमें से एक रतिया में और दूसरी आदमपुर में स्थित है। 1972 में टोहाना को तहसील का दर्जा मिला और 1997 में फतेहाबाद को एक पूर्ण जिले के रूप में स्थापित किया गया। वर्तमान में, यहां तीन उप-मंडल, तीन तहसील और तीन उप-तहसील हैं।

फतेहाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के दुरा राम बिश्नोई ने 77,369 वोट लेकर जीत हासिल की, जबकि जेजेपी के डॉ. वीरेंद्र सिवाच को 74,069 वोट मिले। 2014 में, आईएनएलडी के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने 60,539 वोटों से जीत दर्ज की थी।