Haryana Nagar Nikay Chunav 2025 Result: हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीसरी बार जीत हासिल करने के पांच महीने बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को नगर निकाय चुनावों में शानदार जीत दर्ज की। उसने 10 नगर निगमों में से नौ में मेयर का चुनाव जीत लिया। पार्टी केवल मानेसर में जीत दर्ज नहीं कर पाई। यहां पर निर्दलीय उम्मीदवार बाजी मारने में कामयाब रहीं। गुड़गांव, फरीदाबाद, अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक, पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर में बीजेपी उम्मीदवारों ने कांग्रेस को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
हरियाणा चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, रोहतक और सिरसा में मेयर चुनाव में बीजेपी ने विजयी परचम लहराया। रोहतक में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राम अवतार वाल्मीकि 45,198 मतों के अंतर से विजयी हुए। रामअवतार को 1,02,269 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार 57,071 वोट मिले हैं। रोहतक सीट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की गढ़ मानी जाती है। वहीं सिरसा में बीजेपी के कैंडिडेट्स शांति स्वरूप 12,779 मतों से विजयी हुए।
हिसार में भी बीजेपी ने लहराया परचम
हरियाणा के हिसार में मेयर पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार प्रवीण पोपली ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ बढ़त हासिल की। पोपली ने 64,456 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। गुरुग्राम मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार राज रानी विजयी हुईं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार सीमा पाहुजा को 1,79,485 वोटों के अंतर से हराया। वहीं फरीदाबाद मेयर चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है।
हरियाणा में RSS ने ऐसे बनाई BJP के लिए जीत की राह
| नगर निगम | विजयी उम्मीदवार | दल |
| पानीपत | कोमल सैनी | भाजपा |
| गुरुग्राम | राज रानी | भाजपा |
| रोहतक | राम अवतार वाल्मीकि | भाजपा |
| हिसार | प्रवीण पोपली | भाजपा |
| करनाल | रेणु बाला गुप्ता | भाजपा |
| अंबाला | शैलजा सचदेवा | भाजपा |
| सोनीपत | राजीव जैन | भाजपा |
| फरीदाबाद | प्रवीण जोशी | भाजपा |
| यमुनानगर | सुमन बहमनी | भाजपा |
| मानेसर | डॉ. इंद्रजीत यादव | स्वतंत्र |
मानेसर में बीजेपी उम्मीदवार की हार
मानेसर नगर निगम में बीजेपी के मेयर उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव बीजेपी के सुंदर लाल को हराकर मेयर बन गई हैं। बता दें कि मानेसर नगर निगम में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी इंद्रजीत यादव ने चुनाव प्रचार के समय खुद को केंद्रीय राज्य मंत्री और गुरुग्राम से भारतीय जनता पार्टी सांसद राव इंद्रजीत का करीबी बताया था। माना जा रहा है कि इससे चुनाव में उन्हें काफी ज्यादा फायदा हुआ है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया आभार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘आप सभी के अपार समर्थन और आशीर्वाद से हरियाणा में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है। यह आपके विश्वास, मेहनत और सहयोग का ही परिणाम है कि प्रदेश विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं आप सभी का हृदय से धन्यवाद करता हूं और आश्वस्त करता हूं कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह के मार्गदर्शन में हरियाणा के हर परिवारजन की भलाई, समृद्धि और उज्जवल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के संकल्प और “हरियाणा एक-हरियाणवी एक” के मंत्र के साथ हम प्रदेश को नए आयामों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
हरियाणा निकाय चुनाव
फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर के साथ-साथ गुरुग्राम और मानेसर में 2 मार्च को मतदान हुआ था। अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर पद के लिए उपचुनाव उसी दिन हुए थे। पानीपत में 9 मार्च को मतदान हुआ था। इसके साथ ही 21 नगर निगम समितियों के लिए भी मतदान हुआ था। हरियाणा की हार पर फूटा राहुल गांधी का गुस्सा
