Haryana Assembly Election 2024, haryana Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने में महज कुछ ही दिन का समय बाकी है। बीजेपी, कांग्रेस और आईएनएलडी समेत सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। हरियाणा में पिहोवा विधानसभा सीट राजनीतिक तौर से काफी अहम मानी जाती है। यह विधानसभा सीट कुरुक्षेत्र संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंदर आती है। यह निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित नहीं है बल्कि एक सामान्य सीट है।
हरियाणा के पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में मुख्य उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जय भगवान शर्मा, कांग्रेस पार्टी के मनदीप चट्ठा, जननायक जनता पार्टी (JJP) की डॉ. सुखविंदर कौर, आम आदमी पार्टी (AAP) के गेहल सिंह संधू और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के बलदेव सिंह वड़ैच हैं। जेजेपी राज्य में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ गठबंधन में है, जबकि आईएनएलडी ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ गठबंधन किया है।
2019 और 2014 में क्या रहे नतीजे
वहीं अब अगर बात साल 2019 के विधानसभा चुनाव की करें तो भारतीय जनता पार्टी ने संदीप सिंह को यहां से उम्मीदवार बनाया था और कांग्रेस पार्टी ने मंदीप सिंह को मैदान में उतारा था। भारतीय जनता पार्टी के संदीप सिंह ने 42,613 वोटों के साथ जीत हासिल की। संदीप सिंह ने मंदीप सिंह को 5,314 वोटों से करारी शिकस्त दी थी। कांग्रेस पार्टी के मंदीप सिंह दूसरे नंबर पर रहे थे। संदीप सिंह हॉकी टीम के पूर्व कैप्टन थे। जीत के बाद वह मनोहर लाल खट्टर की सरकार में मंत्री भी बने थे, लेकिन महिला कोच यौन शोषण मामले में फंसने के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।
चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2014 में 80.09 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस सीट से इंडियन नेशनल लोक दल के जसविंदर सिंह संधू ने भारतीय जनता पार्टी के जय भगवान को कड़े मुकाबले में लगभग दस हजार वोटों से मात दी थी। संधू को 49 हजार 110 वोट मिले थे।
पिहोवा विधानसभा सीट का इतिहास
पिहोवा एक तीर्थ स्थल भी है। पिहोवा विधानसभा सीट साल 1967 में अस्तित्व में आई थी। इस सीट पर सबसे पहले स्वतंत्र पार्टी के विधायक चीमन लाल ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 1968 और 1972 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार पैरा सिंह ने जीत दर्ज की थी।