Haryana Assembly Election 2024, Haryana Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। नेताओं का चुनाव प्रचार भी जारी है। हरियाणा की लोहारू विधानसभा सीट चर्चा में बनी हुई है। यहां से बीजेपी ने हरियाणा सरकार में मंत्री जेपी दलाल को प्रत्याशी बनाया है। जेपी दलाल हरियाणा की राजनीति में काफी लोकप्रिय चेहरा है। 2019 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा की लोहारू विधानसभा सीट से पहली बार बीजेपी ने जीत हासिल की थी।
कभी लोहारू विधानसभा सीट आईएनएलडी और कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी लेकिन 2019 में बीजेपी ने पहली बार जीत हासिल की थी। लोहारू विधानसभा सीट से बीजेपी ने अपने मंत्री जेपी दलाल को उतारा है तो वहीं कांग्रेस ने भी राजवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इस बार प्रत्याशी बदला है। 2019 में कांग्रेस ने सोमवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया था।
बीजेपी को पहली बार मिली जीत
2019 के चुनाव में बीजेपी को पहली बार जीत मिली थी। भाजपा के जय प्रकाश दलाल को 61,365 वोट मिले थे तो वहीं कांग्रेस ने सोमवीर सिंह को उतारा था, जिन्हें 43,688 वोट मिले थे। नई नवेली पार्टी जेजेपी ने अलका आर्य को मैदान में उतारा था, जिन्हें 27,515 वोट मिले थे। इस प्रकार से बीजेपी उम्मीदवार की 17,000 से अधिक वोटों से जीत हुई थी।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
बीजेपी | जय प्रकाश दलाल | 61,365 | जीते |
कांग्रेस | सोमवीर सिंह | 43,688 | हारे |
जेजेपी | अलका आर्य | 27,515 | हारे |
2014 में आईएनएलडी ने मारी थी बाजी
2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर हरियाणा में सरकार बनाई थी। हालांकि लोहारू विधानसभा सीट से बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। आईएनएलडी के उम्मीदवार ओमप्रकाश बरवा ने 40,693 मत हासिल किए थे जबकि भाजपा के जयप्रकाश दलाल को 38,598 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के सोमबीर सिंह को 32026 वोट मिले थे।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
आईएनएलडी | ओमप्रकाश बरवा | 40,693 | जीते |
भाजपा | जयप्रकाश दलाल | 38,598 | हारे |
कांग्रेस | सोमबीर सिंह | 32,026 | हारे |