Haryana Assembly Election 2024, Haryana Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा विधानसभा चुनाव होने में महज कुछ ही दिन का समय बचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस समेत सभी पार्टियों ने पूरा दम लगा दिया है। हरियाणा की कलायत सीट भी हॉट सीट बनी हुई है। यहां पर भारतीय जनता पार्टी ने कमलेश ढांडा को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने सांसद जयप्रकाश के पुत्र विकास शरण को कलायत विधानसभा से उम्मीदवार बनाया है।
2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो कलायत विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने कमलेश ढांडा को ही अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी दंगल में उतारा था। वहीं कांग्रेस ने जय प्रकाश को टिकट दिया था। इस चुनावी दंगल में बीजेपी की उम्मीदवार ने बाजी मारी। कमलेश ढांडा ने 8,974 वोटों के अंतर से इस सीट पर जीत हासिल की थी। उनको 53,805 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश को 44,831 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
2014 में क्या रहा था रिजल्ट
वहीं 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश ने बाजी मारी थी। जय प्रकाश को इस चुनाव में 51,106 ( 33.44 %) वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर इंडियन नेशनल लोकदल के राम पाल माजरा रहे थे। उनके खाते में 42,716 (27.95 %) वोट गए थे। दोनों के बीच में हार और जीत का अंतर 8,390 वोटों का था।
कलायत सीट का इतिहास
कलायत एक ऐतिहासिक शहर है। यहां पर दो ऐतिहासिक मंदिर हैं। यह ईंटों के मंदिर और ब्रिक टेम्पल के नाम से जाने जाते हैं और यह महाभारत काल के माने जाते हैं। प्राचीन ग्रंथों में इस जगह का नाम कपिलायत या कपिलायतन मिलता है जो कि ऋषि कपिल के नाम पर है। कलायत में पहली बार 1967 में विधानसभा का इलेक्शन हुआ था। इसे 2009 में जनरल कैटगिरी में शामिल किया गया। 2009 में आईएनएलडी पार्टी के उम्मीदवार रामपाल माजरा ने यहां की सीट पर अपना कब्जा जमाया। 2014 में कांग्रेस के विधायक जयप्रकाश ने जीत दर्ज की। वहीं 2019 में कमलेश ढांडा विधायक चुनी गईं।