हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित होंगे। नामांकन और नाम वापसी के बाद अब चुनाव प्रचार पूरी तरह जोर पकड़ गया है। इनमें से एक होडल सीट पर कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान चुनाव मैदान में हैं।
होडल हरियाणा की वीआईपी सीट है। वीआईपी सीट इसलिए क्योंकि यहां से प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान चुनाव लड़ रहे हैं। होडल सीट पर परिसीमन के बाद 2009 में पहली बार विधानसभा का चुनाव हुआ था।। तब इनेलो के उम्मीदवार जगदीश नायर ने उदयभान को चुनाव हराया था।
कौन-कौन है होडल के चुनाव मैदान में?
इस बार बीजेपी ने जगदीश नायर को टिकट नहीं दिया है और उदयभान के सामने हरिंदर सिंह रामरतन को उतारा है। जेजेपी-आसपा गठबंधन की ओर से सतवीर तंवर चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने एमएल गौतम को टिकट दिया है।
होडल विधानसभा चुनाव परिणाम
2014 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उदयभान और जगदीश नायर आमने-सामने थे जबकि भाजपा की ओर से राम रतन चुनाव लड़ रहे थे। इस चुनाव में उदयभान ने जगदीश नायर को लगभग 11,000 वोटों से हराकर 2009 में मिली हार का बदला लिया था। 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर एक बार फिर जगदीश नायर और उदयभान के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला था। इस चुनाव में जगदीश नायर ने उदयभान को हरा दिया था।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में लड़ी हुई सीटों पर पार्टीवार वोट शेयर

उदयभान 1987 में पहली बार हसनपुर सीट से विधायक बने थे
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान चार बार विधायक रह चुके हैं। उदयभान के पिता गयालाल चौधरी भी राजनेता थे और हसनपुर सुरक्षित सीट से विधायक रहे थे। चूंकि उदयभान पुराने नेता हैं और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं इसलिए इस सीट के चुनाव नतीजों पर सभी की नजर लगी हुई है। उदयभान 1987 में पहली बार हसनपुर सीट से विधायक बने थे। परिसीमन के बाद हसनपुर सीट खत्म हो गई थी और होडल सीट अस्तित्व में आई थी।
होडल आरक्षित सीट है। इस विधानसभा में कुल 1,21,716 वोटर्स हैं। इनमें से 95,419 पुरुष वोटर हैं तो महिला मतदाताओं की संख्या 81,596 है।