Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपना पूरा दम-खम लगा दिया है। दो बार से सत्ता में काबिज बीजेपी प्रदेश की कई सीटों पर अभी भी कमल खिला नहीं पाई है। जिसको लेकर पार्टी हर जुगत लगाने को तैयार है। इसको देखते हुए बीजेपी ने इस बार के चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों पर भी दांव लगाया है।
नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका सीट से भाजपा ने नसीम अहमद को प्रत्याशी बनाया है। नसीम इस सीट से दो बार चुनाव जीत चुके हैं। यानी की वो इस क्षेत्र के लिए नए नहीं हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक मम्मन खान से है। वहीं इस चुनाव में जननायक जनता पार्टी ने जान मोहम्मद को उम्मीदवार बनाया है।
पिछले बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा खाते में 40 सीटें आईं थीं। अपने दम पर बहुमत न होने के बाद भी जेजेपी से गठबंधन करके बीजेपी ने पांच साल की सत्ता चलाई। 2019 के चुनाव में फिरोजपुर झिरका सीट से कांग्रेस के मम्मन खान विजयी हुए थे। मम्मन खान को 84,546 वोट मिले थे जबकि नसीम अहमद को 47,542 वोट मिले थे। यानी दोनों के बीच वोटों का बड़ा फासला देखने को मिला था।
फिरोजपुर झिरका विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
पार्टी | उम्मीदवार | वोट | जीते / हारे |
कांग्रेस | मम्मन खान | 84,546 | जीते |
बीजेपी | नसीम अहमद | 47,543 | हारे |
जेजेपी | अमन अहमद | 9,818 | हारे |
साल 2014 में प्रदेश में बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर सत्ता हासिल की थी। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थ। उस समय बीजेपी के खाते में 90 सीटों में से 47 सीटें आईं थी। उसके बाद पिछले चुनाव में भी बीजेपी सरकार बनाने में कामयाब रही। लेकिन नूंह में बीजेपी कमल नहीं खिला पाई। 2014 के विधानसभा चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय लोकदल ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। वर्तमान बीजेपी उम्मीदवार उस चुनाव में INLD के टिकट से जीतने कामयाब रहे थे। जबकि मम्मन खान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में थे।
फिरोजपुर झिरका विधानसभा चुनाव परिणाम 2014
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
भारतीय राष्ट्रीय लोक दल | नसीम अहमद | 40,320 | जीते |
निर्दलीय | मम्मन खान | 37,075 | हारे |
निर्दलीय | अमन अहमद | 18,212 | हारे |