Haryana Assembly Election 2024, J&K Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार जारी है। कांग्रेस, बीजेपी, आईएनएलडी और जेजेपी के उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार में जोर लगा रखा है। हरियाणा की भिवानी विधानसभा सीट चर्चा में बनी हुई है। पिछले तीन चुनावों से यहां पर बीजेपी की जीत हो रही है। भिवानी भाजपा का गढ़ मानी जाती है। यह भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा के अंतर्गत आती है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 89 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि एक सीट उसने सीपीआईएम को दी है। सीपीएम भिवानी विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है।
भिवानी विधानसभा सीट पर 2,20,000 से अधिक वोटर हैं। यहां पर शहरी मतदाताओं की संख्या 1 लाख से अधिक है। बीजेपी ने भिवानी विधानसभा सीट से अपने वर्तमान विधायक घनश्याम सराफ को मैदान में उतारा है तो वहीं सीपीआईएम ने ओम प्रकाश को मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने इंदु शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
2019 में बीजेपी ने लगाई थी हैट्रिक
2019 के विधानसभा चुनाव में भिवानी विधानसभा सीट से बीजेपी के घनश्याम सराफ ने 27,884 वोटों से जीत हासिल की थी। बीजेपी के घनश्याम सराफ को 61,704 वोट मिले थे जबकि जेजेपी के शिव शंकर भारद्वाज को 33,820 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार अमर सिंह हालूवासिया को 18,682 वोट मिले थे।
| पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
| बीजेपी | घनश्याम सराफ | 61,704 | जीते |
| जेजेपी | शिव शंकर भारद्वाज | 33,820 | हारे |
| कांग्रेस | अमर सिंह हालूवासिया | 18,682 | हारे |
2014 में भी बीजेपी को मिली थी जीत
2014 के विधानसभा चुनाव में भी भिवानी से बीजेपी ने जीत हासिल की थी। भाजपा के उम्मीदवार घनश्याम सराफ को 50,020 वोट मिले थे तो वहीं आईएनएलडी की निर्मला सराफ दूसरे नंबर पर रही थीं, जिन्हें 21423 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर हरियाणा जनहित कांग्रेस पार्टी के शिव शंकर भारद्वाज थे, जिन्हें 17018 वोट मिले थे।
| पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
| बीजेपी | घनश्याम सराफ | 50,020 | जीते |
| आईएनएलडी | निर्मला सराफ | 21423 | हारे |
| हरियाणा जनहित कांग्रेस पार्टी | शिव शंकर भारद्वाज | 17018 | हारे |
इंदु शर्मा ने बढ़ाई मुश्किलें
आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी इंदु शर्मा ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 2022 में इंदु शर्मा ने भिवानी नगर परिषद में चेयरपर्सन का चुनाव लड़ा था और उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को पीछे छोड़ते हुए 22,000 वोट हासिल किए थे। भिवानी में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या भी अधिक है।
