Haryana Assembly Election 2024, Haryana Vidhan Sabha Chunav Seat: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, वोटों की गिनती 8 अक्टूबर 2024 को होगी। इनमें से एक बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र फरीदाबाद लोकसभा का हिस्सा है। 1967 से अब तक बल्लभगढ़ में 13 बार चुनाव हो चुके हैं और सात बार इस सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है।
बल्लभगढ़ विधानसभा सीट पर पहली बार 1996 के चुनाव में बीजेपी को जीत मिली थी। आनंद कुमार भाजपा के पहले विधायक चुने गए थे। उसके बाद 2014 के चुनाव में पंडित मूलचंद शर्मा ने फिर से कमल खिलाया था। 2019 के विधानसभा चुनाव में भी मूलचंद को जीत हासिल हुई थी।
कौन-कौन है बल्लभगढ़ के चुनाव मैदान में?
बीजेपी ने एक बार फिर पंडित मूलचंद शर्मा पर भरोसा जताया है। अगर वह तीसरी बार जीतते हैं तो वह खुद के साथ बीजेपी की भी हैट्रिक लगाएंगे। बल्लभगढ़ सीट से कांग्रेस ने पूर्व विधायक योगेश शर्मा की बेटी पराग शर्मा को उतारा है तो आप से रविंदर फौजदार मैदान में हैं। वहीं, दूसरी तरफ से कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर शारदा राठौर निर्दलीय मैदान में कूद गई हैं। वह 2005 से 2014 तक विधायक रह चुकी हैं।
बल्लभगढ़ विधानसभा चुनाव 2019 परिणाम
2019 के विधानसभा चुनाव में बल्लभगढ़ सीट से बीजेपी के मूलचंद शर्मा ने जीत हासिल की थी। विधानसभा चुनाव 2019 में उन्हें 66,708 (54.42%) वोट मिले थे। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस के आनंद कौशिक रहे थे, जिन्हें 24,995 (20.39%) वोट हासिल हुए थे। निर्दलीय उम्मीदवार दीपक चौधरी को 18,542 वोटों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था।
बल्लभगढ़ सीट पर 1512 लोगों ने NOTA का भी बटन दबाया था। पिछले चुनाव में बल्लभगढ़ में 2.38 लाख रजिस्टर्ड मतदाताओं के साथ वोटिंग प्रतिशत 51.39% था।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में लड़ी हुई सीटों पर पार्टीवार वोट शेयर
विधानसभा चुनाव 2014 के परिणाम
वहीं, 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मूलचंद शर्मा ने 69,074 मतों के साथ जीत हासिल की थी। दूसरे स्थान पर कांग्रेस के लखन कुमार सिंगला रहे थे, जिन्हें 15,976 वोट हासिल हुए थे। आईएनएलडी के ललित कुमार बंसल को 14,072 वोटों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था।
बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 238,540 वोटर हैं, जो 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। बल्लभगढ़ में 13 बार चुनाव हो चुके हैं और सात बार इस सीट से कांग्रेस जीत चुकी है। दो बार निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। तीन बार बीजेपी के प्रत्याशी ने बल्लभगढ़ से जीत का स्वाद चखा। अभी तक पांच बार महिला उम्मीदवार इस सीट से जीत चुकी हैं।