Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में आगामी 5 अक्टूबर को मतदान होना है। इसके लिए सभी पार्टियों ने अपने-अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। हालांकि लड़ाई सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच देखने को मिल रहा है। गुड़गांव जिले की बादशाहपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने पूर्व मंत्री और दिग्गज नेता राव नरबीर सिंह पर दांव लगाया है। जबकि कांग्रेस ने युवा वर्धन यादव को मैदान में उतारा है।
साल 2008 में बादशाहपुर विधानसभा अस्तित्व में आई थी। जिस पर पहली बार 2009 में चुनाव हुआ था। उस चुनाव में कांग्रेस के राव धर्मपाल को जीत मिली थी। लेकिन उसके अगले चुनाव यानी साल 2014 में बीजेपी के दिग्गज नेता नरबीर सिंह ने यहां से चुनाव जीतकर पहली बार कमल खिलाया। चुनाव जीतने के बाद नरबीर सिंह मनोहर लाल खट्टर सरकार में मंत्री बने। सरकार के दौरान नरबीर सिंह को सीएम का काफी करीबी माना जाता था। लेकिन अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने नरबीर सिंह का टिकट काट दिया।
वैसे तो साल 2014 के बाद से ही अहीरवाल बेल्ट को बीजेपी का वोटर माना जाता है। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में राव इंद्रजीत सिंह शामिल हुए। जिसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में अहीरवाल बेल्ट की 11 की सभी सीटों पर कमल खिला था। लेकिन साल 2019 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी को 3 सीटों का नुकसान हुआ। बीजेपी 11 से 8 सीट पर आ गई। 2019 में बीजेपी ने बादशाहपुर विधानसभा से मनीष यादव को उम्मीदवार बनाया था। स्थिति ऐसी हुई कि निर्दलीय चुनाव लड़े राकेश दौलताबाद 10 हजार से अधिक वोटों से जीतने में कामयाब रहे।
बादशाहपुर विधानसभा चुनाव परिणाम 2019
पार्टी | उम्मीदवार | वोट | हारे / जीते |
निर्दलीय | राकेश दौलताबाद | 1,06,827 | जीते |
बीजेपी | मनीष यादव | 96,641 | हारे |
कांग्रेस | कमलबीर सिंह | 10,610 | हारे |
बादशाहपुर विधानसभा चुनाव परिणाम 2014
पार्टी | प्रत्याशी | वोट | जीते / हारे |
भाजपा | नरबीर सिंह | 86,672 | जीते |
भारतीय राष्ट्रीय लोकदल | राकेश दौलताबाद | 68,540 | हारे |
निर्दलीय | मुकेश शर्मा | 35,297 | हारे |
तीन बार विधायक रह चुके हैं नरबीर सिंह
इस बार के चुनाव में राव नरबीर सिंह के सामने कांग्रेस ने युवा वर्धन यादव पर दांव लगाया है। वर्धन यादव कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के करीबी माने जाते हैें। पार्टी ने दिग्गज भाजपा नेता नरबीर सिंह के सामने युवा को मैदान में उतारा है। नरबीर सिंह अभी तक हर चुनाव में अपना विधानसभा बदल देते थे। वो पहली बार साल 1987 में जाटूसाना विधानसभा से विधायक बने थे। इसके बाद वो 1996 में सोहना विधानसभा से विधायक बने। जबकि 2014 में बादशाहपुर से विधायक बने।