Haryana Assembly Election Exit Poll 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए एक ही फेज में शनिवार को वोटिंग हो रही है। हरियाणा में वोटिंग खत्म होने के बाद में एग्जिट पोल भी सामने आने लगेंगे। इससे मोटा-मोटी यह अंदाजा लोग लगाने लगेंगे कि इस बार हरियाणा के लोगों ने किस पार्टी पर अपना भरोसा जताया है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में तीसरी बार सत्ता हासिल करना चाहती है। वहीं कांग्रेस पार्टी करीब 10 साल बाद फिर से सत्ता पर अपना कब्जा जमाना चाहती है। आइए जानते हैं कि एग्जिट पोल के सटीक नतीजे आप कहां और कैसे देख सकते हैं।
Haryana Election Exit Poll 2024 LIVE: Watch Here
एग्जिट पोल के नतीजे कब देख पाएंगे?
हरियाणा विधानसभा चुनाव का मतदान खत्म होने के बाद ही एग्जिट पोल जारी कर दिए जाएंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शाम 6:30 बजे से पहले एग्जिट पोल दिखाने पर सख्त पाबंदी है। बता दें कि ये एग्जिट पोल भले ही रिजल्ट नहीं होते, मगर नतीजों की एक झलक जरूर देते हैं। हालांकि, एग्जिट पोल रिजल्ट गलत भी साबित होते रहे हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे कहां देखें?
हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे जनसत्ता के यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं। साथ ही, जनसत्ता डॉट कॉम की वेबसाइट पर भी आप एग्जिट पोल के नतीजे देख सकते हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के पिछले नतीजे
साल 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2019 के चुनावों में त्रिशंकु विधानसभा बनी। इसमें किसी भी एक मुख्य पार्टी को साफ तौर पर बहुमत नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी ने 40 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस पार्टी को 31 सीटें मिलीं थी। जननायक जनता पार्टी को 10 सीटें मिलीं, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल को महज एक ही सीट से संतोष करना पड़ा। बाकी बची हुई आठ सीटें निर्दलीय और छोटी पार्टियों ने जीतीं।
हरियाणा विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 45 सीटों का है। 2019 के चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जननायक जनता पार्टी जेजेपी के साथ में अलायंस किया। इसके चलते मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि इस साल मार्च में यह गठबंधन टूट गया। मनोहर लाल खट्टर ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और नायब सिंह सैनी को राज्य का नया सीएम बनाया गया। उसी के बाद से सीएम सैनी ही प्रदेश की कमान संभाले हुए हैं।
