कांग्रेस के वरिष्ट नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा कांग्रेस इकाई के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने तंवर के पार्टी छोड़ने पर कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान बताया है। सुरजेवाला ने कहा, ‘एक भी साथी अगर छोड़कर जाए तो नुकसान होता है। अशोक तंवर जी लंबे समय तक हरियाणा में कांग्रेस अध्यक्ष रहे। कुछ वैचारिक मतभेद था, कुछ मनभेद में बदल गया। इसलिए मुझे लगता है कि नए सिरे से उनसे बात कर दोबारा पार्टी में समायोजित करने की आवश्यकता है।’ एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी कुमारी शैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की है।
बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है और पार्टी से मतभेद के चलते अशोक तंवर ने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने 21 अक्टूबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव कांग्रेस की हार में पूरा दमखम लगाने का बयान दिया। कांग्रेस से नाराज तंवर की योजना है कि प्रदेश के हर निर्वाचन क्षेत्र में किसी भी पार्टी के प्रत्याशी, यहां तक निर्दलीय उम्मीदवारों को भी समर्थन दिया जाए, ताकि किसी भी कांग्रेसी को जीतने ना दिया जाए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वो भाजपा को एकतरफा समर्थन नहीं देने जा रहे। उन्होंने कहा, ‘हम सुनिश्चित करेंगे कि कांग्रेस हरियाणा की 90 सीटों में से पांच से अधिक सीटों पर जीत हासिल ना कर पाए।’
उल्लेखनीय है कि सुरजेवाला से जब राहुल गांधी की विदेश यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता मीडिया को राहुल गांधी के ट्रैवल प्लान में क्या रुचि है। वह कहां जाते हैं। किसी को क्या फर्क पड़ता है। राहुल आज भी हम सबके नेता है। वो कहां जाते हैं इससे क्या फर्क पड़ता है। हम एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं और पूरी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है।’
पार्टी मतभेद पर उन्होंने कहा कि जब टिकट बांटे जाते हैं तब थोड़ी बहुत अनबन होती ही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘भाजपा के विपुल गोयल और रणवीर सिंह को देखिए। दोनों का टिकट काट दिया। एक दर्जन विधायकों का टिकट काट दिया गया।’

