भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने गुरुवार को विरमगाम शहर में अपना 30वां जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया। उनके अनोखे तरीके से जन्मदिन मनाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। अपने जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने 207 कुपोषित बच्चों को तीन महीने के लिए गोद लिया। इतना ही नहीं उन्होंने अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए विरमगाम शहर में एक समारोह किया। जहां उन्होंने जरूरतमंदों को सामान दिया।

जानकारी के अनुसार, जरूरतमंद लोगों में बच्चे, सिंगल पैरेंट और किसान शामिल थे। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 80 बूथ अध्यक्षों को 2 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, इस मौके पर 40 विधवाओं को सिलाई मशीन और 6 दिव्यांगों को तीन पहिया साइकिल दी गई। विधान सभा क्षेत्र में हार्दिक पटेल के जन्मदिन मनाने के तरीके को लेकर चर्चा है।

कौन हैं हार्दिक पटेल

हार्दिक ने अपनी राजनीतिक पारी कांग्रेस पार्टी से शुरू की थी हालांकि बाद में उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर लिया था। 2015 में रिजर्वेशन के लिए पाटीदार आंदोलन का नेतृत्व करते हुए हार्दिक पटेल प्रमुखता से उभरे थे। उन्होंने आंदोलन के हिस्से के रूप में पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (PAAS) का नेतृत्व किया और गुजरात में एक सामुदायिक सामाजिक समूह सरदार पटेल समूह (SPG) के सदस्य भी रहे।

इसके बाद लोकसभा चुनाव से कुछ समय पहले 2019 में ही हार्दिक कांग्रेस में शामिल हो गए थे। जिसके बाद जुलाई 2020 में उन्हें गुजरात कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। मई 2022 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके कुछ दिनों बाद ही हार्दिक ने बीजेपी ज्वाइन कर लिया था।

2022 में चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में हार्दिक पटेल को लेकर कुछ खुलासे हुए थे। जिसमें हार्दिक पटेल के खिलाफ देशद्रोह के दो मामलों समेत 20 मुकदमे दर्ज हैं। उस समय हार्दिक पटेल ने हलफनामे में अपनी कुल संपत्ति 61.48 लाख रुपए दिखाई थी।