पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को इस साल होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने पंजाब से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की तरफ से इसकी घोषणा की गई है। आम आदमी पार्टी को इस महीने के अंत तक राज्यसभा में पांच सीटें मिलने वाली हैं। इसके पहले ही हरभजन सिंह का नाम सामने आया है।

ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि हरभजन सिंह को राज्य में एक प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान भी सौंपी जा सकती है। चुनाव प्रचार के दौरान भगवंत मान ने कहा था कि सरकार बनने पर उनके कार्यकाल में खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा। ऐसे में हरभजन सिंह को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान दी जाती है तो इसके जरिए एक बड़ा संदेश देने की कोशिश होगी।

पंजाब चुनाव के नतीजों के बाद पूर्व क्रिकेटर ने ट्वीट कर भगवंत मान को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था, “आम आदमी पार्टी और मेरे दोस्त भगवंत मान को हमारा नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। यह सुनकर अच्छा लगा कि वे भगत सिंह के गांव खटकरकलां में सीएम पद की शपथ लेंगे।”

‘टर्बनेटर’ के नाम से मशहूर दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने 24 दिसंबर 2021 को क्रिकेट के हर फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। तब हरभजन ने नई पारी शुरू करने की बात कही थी, जिसके बाद उनके राजनीति में आने को लेकर कयास लगने शुरू हो गए थे।

पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। बुधवार को भगवंत मान ने पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। वे पंजाब के दूसरे सबसे युवा सीएम हैं। उधर, 117 सीटों में से 92 सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी राज्यसभा में भी अपनी स्थिति मजबूत करने जा रही है। इस महीने के आखिर तक राज्यसभा के लिए आप को पांच सीटें मिलने वाली हैं, जिसके बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सदस्यों की संख्या 3 से बढ़कर 8 होने की उम्मीद है। पार्टी जल्द ही सीटों के लिए अन्य नामों की घोषणा भी कर सकती है।