Har Ghar Tiranga: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डीपी बदल दी है। साथ ही उन्होंने हर देशवासी से ऐसा ही करने की अपील की है। इसके एक दिन बाद कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट की डीपी बदल ली। इस तस्वीर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू हाथ में तिरंगा थामे दिखाई दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट की डीपी बदलने के साथ ही इसे कैप्शन देकर शेयर किया और लिखा, “देश की शान है, हमारा तिरंगा। हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा।” कई यूजर्स ने राहुल गांधी की डीपी पर ‘जय हिंद’ लिखकर प्रतिक्रिया दी। जबकि, एक यूजर( @Divyanshcasm) ने लिखा कि ये (राहुल गांधी) अप्रत्यक्ष तौर पर पीएम मोदी का समर्थन कर रहे हैं।
वहीं उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पंडित नेहरू की तस्वीर ट्विटर अकाउंट के प्रोफाइल फोटो के तौर पर लगाई है। प्रियंका गांधी ने लिखा है, “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा।”
प्रमुख विपक्षी दल ने आरएसएस पर निशाना साधते हुए यह सवाल भी किया कि जिन्होंने अपने मुख्यालय पर आजादी के बाद 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, क्या वे प्रधानमंत्री की बात मानेंगे? कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी डीपी के तौर पर यही तस्वीर लगाई है। पार्टी ने कहा, “तिरंगा हमारे दिल में है, लहू बनकर हमारी रगों में है। 31 दिसंबर, 1929 को पंडित नेहरू ने रावी नदी के तट पर तिरंगा फहराते हुए कहा था, ‘अब तिरंगा फहरा दिया है, ये झुकना नहीं चाहिए।’ आइए हम सब देश की अखंड एकता का संदेश देने वाले इस तिरंगे को अपनी पहचान बनाएं। जय हिंद।”
पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भी की अपील
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मजबूती देने के लिए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डीपी बदली है। साथ ही उन्होंने फेसबुक पर लिखा, “आज दो अगस्त का दिन विशेष है, ऐसे समय में जब हम आजादी का अमृत उत्सव मना रहे हैं, हमारा देश ‘हर घर तिरंगा’ जैसे सामूहिक आंदोलन के लिए तैयार है। मैंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डीपी बदल ली है और आप सभी से भी ऐसा करने का आग्रह करता हूं।”