गुवाहाटी नगर निगम चुनाव के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के बाद रविवार को नतीजे आने शुरू हो गए हैं। मतगणना शुरू होने के बाद कई वार्डों में भाजपा ने शुरुआती बढ़त बना ली थी। अभी तक 43 वार्डों पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा किया है जबकि बीजेपी की सहयोगी पार्टी असम गण परिषद ने 5 वार्डों पर कब्जा किया है। आम आदमी पार्टी ने एक वार्ड पर जीत दर्ज की है और असम जातीय परिषद ने भी एक वार्ड पर जीत हासिल की है।

मतगणना शुरू होने के बाद ही भाजपा ने कई वार्डों में बढ़त बना ली थी। कामरूप (मेट्रो) जिले के डिप्टी कलेक्टर पल्लव गोपाल झा ने जानकारी साझा की है कि भाजपा ने 43 वार्डों और एजीपी ने 5 वार्डों पर कब्जा कर लिया है।

नौ साल के अंतराल के बाद हुए गुवाहाटी नगर निगम चुनाव के लिए वोटों की गिनती रविवार को जारी है। चुनावों के नतीजे जानने के लिए मतगणना केंद्र के बाहर भीड़ लगी हुई है। राजनीतिक दलों के समर्थक और कार्यकर्ता नतीजों का इंतजार रहे हैं। 57 वार्डों में 197 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीन वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया और उन्होंने कई रैलियों को संबोधित किया। वहीं, दिसपुर में भाजपा के गठबंधन सहयोगी, असम गण परिषद के अभियान की कमान कृषि मंत्री और पार्टी अध्यक्ष अतुल बोरा के हाथों में थी। जबकि, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख भूपेन बोरा ने चुनाव अभियान में मुख्य विपक्षी पार्टी का नेतृत्व किया।

शुक्रवार को गुवाहाटी नगर निगम चुनाव में करीब आठ लाख मतदाताओं में से 53 प्रतिशत ने मतदान किया। जीएमसी के कुल 60 वार्ड में से तीन पर भाजपा के उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। अन्य 57 वार्डों के 757 मतदान केंद्रों पर पहली बार ईवीएम के जरिए मतदान हुआ। चुनाव आयोग द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, चुनाव में गुवाहाटी नगर निगम चुनाव में 52.80 प्रतिशत मतदान हुआ।