गुजरात के जूनागढ़ (Junagadh in Gujarat) में शुक्रवार देर रात काफी बवाल मचा। यहां पर उपद्रवियों ने पुलिस की टीम पर पत्थर चलाएं और इसमें डीएसपी को भी चोट लगी है। दरअसल प्रशासन ने एक दरगाह के अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था और 5 दिनों के अंदर कानूनी तौर पर निर्माण के सही होने का सबूत पेश करने के लिए कहा था।
पथराव में डीएसपी घायल
महानगर पालिका (Mahanagar Palika) ने कहा था कि अगर 5 दिन के अंदर सबूत नहीं पेश किया जाता है, तो इसे तोड़ दिया जाएगा। इसको लेकर ही वहां पर लोग भड़क गए और सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इतने ही में ही उपद्रवी बेकाबू हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों की टीम पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की और पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए। इस हमले में 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिसमें एक डिप्टी एसपी भी शामिल हैं।
उपद्रवियों ने मजेवाड़ी गेट पुलिस चौकी के पास पुलिसकर्मियों पर हमला किया। साथ ही एक बाइक को भी जला दिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। अब पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से और वायरल वीडियो के माध्यम से उपद्रवियों की पहचान कर रही है। जिन्होंने भी पुलिस की टीम पर पत्थरबाजी की है, उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद राज्य का गृह विभाग भी सक्रिय हो गया है और घटना को गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। विभाग पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं और सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पथराव करने वालों की पहचान की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। बता दें कि मजेवाडी गेट के सामने रास्ते पर एक दरगाह बनी है।
500-600 लोग हो गए थे इकठ्ठा
एसपी जूनागढ़ रवि तेजा वासमसेट्टी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मजेवाड़ी गेट के पास एक मस्जिद को जूनागढ़ नगर निगम द्वारा 5 दिनों के भीतर दस्तावेज पेश करने का नोटिस दिया गया था। उन्होंने कहा कि वहां करीब 500-600 लोग जमा हुए थे और पुलिस उन्हें सड़क जाम नहीं करने के लिए समझा रही थी। रात करीब 10.15 बजे पथराव किया गया और लोग पुलिस पर हमला करने के लिए आ गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। इस घटना में पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। 174 लोगों को राउंडअप किया गया है। एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया पथराव से एक नागरिक की मौत हुई है लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगा। आगे की जांच चल रही है।