Gujarat Bypolls: गुजरात विधानसभा के उपचुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने पूर्व विधायक सहित चार लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
पार्टी से निलंबित करने की वजह उपचुनाव में खड़े होना है। हालांकि यह लोग भाजपा के टिकट के बजाय निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस कारण इन लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
भाजपा से निलंबित होने वाले पूर्व विधायक का नाम मावजी पटेल है। यह गुजरात की वाव विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के टिकट के बजाय निर्दलीय मैदान में हैं। इनके साथ चार अन्य लोगों को भी निलंबित किया गया है।
बनास बैंक के निदेशक मावजी पटेल भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार स्वरूपजी ठाकोर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस विधायक गनीबेन ठाकोर के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद वाव सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। 13 नवंबर को चुनाव होना है।
बताया जा रहा है कि चौधरी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले 73 साल के पटेल का लक्ष्य समुदाय के वोट हासिल कर भाजपा को नुकसान पहुंचाना है। पटेल के अलावा भाजपा ने बनासकांठा से चार अन्य नेताओं को भी निलंबित कर दिया। निलंबित हुए अन्य नेताओं के नाम लालजी भाई चौधरी, देवजी भाई पटेल, दलरामभाई पटेल और जाम भाई पटेल हैं। उपचुनाव में ठाकोर का मुकाबला कांग्रेस के गुलाब सिंह राजपूत से है।
इलेक्शन कमीशन ने वाव विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। 13 नवंबर को चुनाव होने के बाद 23 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। इसी दिन झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव परिणाम की भी गिनती की जाएगी। वाव विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। गेनीबेन ठाकोर ने 2017 और 2022 में इस सीट से जीत हासिल की थी।