Karnataka CM Siddaramaiah: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को लेकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज बड़ा फैसला ले सकते हैं। यह फैसला भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री पर मुकदमा चलाने को लेकर है।
सामाजिक कार्यकर्ता टीजे अब्राहम ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि सिद्धारमैया के ऊपर भ्रष्टाचार को लेकर मुकदमा चलाया जाए। वहीं, कैबिनेट ने राज्यपाल से गुहार लगाई है कि ऐसा न किया जाए। विपक्षी भाजपा और जेडीएस के मुकदमे के लिए दबाव बना रही है।
बता दें, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के ऊपर मुडा में भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं। आरोप है कि मुख्यमंत्री ने मैसूर के आवासीय इलाके में गैरकानूनी ढंग से 14 प्लॉट हासिल किए।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की ऊपर मुकदमा चलाने की मांग को लेकर विपक्ष ने मैसूर से बेंगलुरु के बीच हफ्ते भर के लिए पदयात्रा शुरू की है। वहीं भाजपा के विरोध-प्रदर्शन से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस छह दिनों की रैली कर रही है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इसको लेकर राज्यपाल के ऊपर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल भाजपा के हाथ का खिलौना बनकर रह गए हैं।
सिद्धारमैया ने यह भी आरोप लगाया कि राज्यपाल एक चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने के मूड में है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबकि,मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।
वहीं भाजपा-जेडीएस ने दूसरे दिन भी मुख्यमंत्री पर हमला बोलना जारी रखा है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने अपनी रैली के दौरान जेडीएस प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारास्वामी पर हमला बोला है। जेडीएस की रामनगर इलाके में काफी पकड़ है। लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले कुमारास्वामी ने चन्नापत्ना विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
कुमारास्वामी ने रविवार को भाजपा और जेडीएस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। साथ उनसे कहा कि वह कांग्रेस के वजूद को खत्म करने के लिए भाजपा के साथ काम करते रहेंगे और एनडीएम को सत्ता में लाएंगे।