गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत परसेकर ने लुइस बर्जर मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों को आज खारिज करते हुए कहा कि पुलिस स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही है। इस मामले में अपराध शाखा ने पूर्व लोक निर्माण विभाग मंत्री चर्चिल अलेमाओ को गिरफ्तार कर लिया है।

कल देर रात गिरफ्तार किए गए 66 वर्षीय अलेमाओ ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। परसेकर ने राज्य विधानसभा के मौजूदा सत्र से इतर कहा कि पुलिस स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही है। इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है। हमने इस मामले में जांच करने के लिए उन्हें खुली छूट दी है। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त लोगों को सजा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अच्छा काम कर रही है। अलेमाओ रिश्वत के इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए एकमात्र राजनेता हैं। अपराध शाखा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर कामत के अलावा अलेमाओ से भी पिछले सप्ताह दो बार पूछताछ की थी। कामत 2007 से 2012 तक सत्ता में थे।

Also Read: चर्चिल अलेमाओ ने कहा- ‘मुझे राजनीतिक खेल के तहत किया गया गिरफ्तार’ 

अलेमाओ को आज तड़के चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं खुश हूं। उन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया है। यह एक राजनीतिक खेल है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। इससे पहले अपराध शाखा गोवा के लिए जेआईसीए के पूर्व निदेशक आनंद वाचसुंदर और लुइस बर्जर के पूर्व उपाध्यक्ष सत्यकाम मोहंती को इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।

यह मामला न्यूजर्सी की कंपनी लुइस बर्जर द्वारा जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) फंडिंग के तहत एक जल परियोजना का मशविरा ठेका हासिल करने के लिए गोवा के किसी मंत्री को कथित रूप से रिश्वत दिए जाने से संबंधित है। अमेरिका के न्याय विभाग ने गोवा परियोजना से जुड़े 9,76,630 डॉलर के रिश्वतखोरी मामले की विस्तृत जानकारी का खुलासा नहीं किया है।