गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के सह-मालिकों गौरव और सौरभ लूथरा को दिल्ली लाया गया। मंगलवार सुबह थाईलैंड के प्राधिकारियों ने लूथरा बंधुओं को भारत निर्वासित किया। सूत्रों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा।
नाइटक्लब में आग लगने की घटना के संबंध में उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। ऑनलाइन प्रसारित वीडियो में 44 वर्षीय गौरव और 40 वर्षीय सौरव को भारत रवाना होने से पहले बैंकॉक हवाई अड्डे पर थाईलैंड की पुलिस की निगरानी में ले जाते हुए देखा गया।
फुकेट में लूथरा बंधुओं को हिरासत में लिया गया था
भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद थाईलैंड के प्राधिकारियों ने 11 दिसंबर को फुकेट में लूथरा बंधुओं को हिरासत में लिया था। भारतीय मिशन इस मामले में थाईलैंड सरकार के लगातार संपर्क में है। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के सह-मालिक हैं। आग लगने की घटना के तुरंत बाद वे थाईलैंड के फुकेट चले गए थे।
पढ़ें- लूथरा ब्रदर्स को आज थाइलैंड से लाया जा रहा भारत
ऐसा बताया गया है कि घटना के समय वे दिल्ली में एक शादी समारोह में थे। उनके खिलाफ ‘इंटरपोल’ का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था। दोनों भाइयों के पासपोर्ट रद्द करने के बाद भारतीय सरकार ने 25 लोगों की मौत में उनकी कथित संलिप्तता को लेकर थाईलैंड के प्राधिकारियों को एक ‘डोजियर’ सौंपा था और उन्हें निर्वासित किए जाने का औपचारिक अनुरोध किया था। भारत और थाईलैंड ने 2013 में एक प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर किए थे जो जून 2015 में प्रभाव में आई थी।
गोवा पुलिस आग लगने की इस घटना के संबंध में पांच प्रबंधकों और कर्मचारियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस बीच, मुंबई उच्च न्यायालय ने ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के खिलाफ दायर एक दीवानी मुकदमे को सोमवार को जनहित याचिका में परिवर्तित कर दिया। अदालत ने कहा कि इस त्रासदी के लिए ‘‘किसी न किसी को तो जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।’’
पढ़ें- गोवा नाइट क्लब मामले में आया लूथरा ब्रदर्स का बयान
(इनपुट-भाषा)
