गुजरात के गौतम अडानी का सितारा बुलंदी पर है। वो तेजी से कदम बढ़ाते हुए विश्व के प्रभावशाली लोगों में शुमार हो रहे हैं। पहले एशिया के सबसे अमीर उद्योगपति बने तो अब टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में जगह दी है। जाहिर है कि उनका रुतबा दिनोंदिन बढ़त पर है। अडानी भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हैं। 125 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ ही वह दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं। गुजरात के गौतम अडानी ‘अडानी ग्रुप’ के संस्थापक और चेयरपर्सन हैं।

मैगजीन ने अडानी के बारे में लिखा कि बेशक वो लाईमलाईट से दूर रहते हैं। लेकिन दुनिया की 6ठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में अडानी ग्रुप हर तरफ दिखता है। वो बड़ी शांति के साथ अपने एम्पायर को आगे बढ़ाने में लगे हैं। उधर, टाइम की दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में गौतम अडानी के साथ सुप्रीम कोर्ट की वकील करुणा नंदी और कश्मीरी एक्टिविस्ट खुर्रम परवेज का नाम भी शामिल है। करुणा के बारे में मैगजीन लिखती है कि उन्हें कोर्ट या उसके बाहर अपनी आवाज उठाने में डर महसूस नहीं होता। वो लोगों के हक के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती हैं।

टाइम ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को 13वीं बार इस सूची में शामिल किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, व्लादिमीर पुतिन, मीडिया मुगल ओपरा विनफ्रे, टेनिस सितारे राफेल नडाल, एप्पल के सीईओ टिम कुक जैसी शख्सियतों की सूची में इस बार यूक्रेन के राष्ट्रपति ने भी अपनी जगह बनाई है। हालांकि कभी कामोडियन रहे वोलोदिमीर जेलेंस्की इस वक्त बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। रूस पर यूक्रेन के हमले के बाद से वह लगातार अपने देशवासियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व को किसी हीरो की तरह देखा जा रहा है। रूसी हमले के बाद उनकी छवि एक राष्ट्र नायक की तरह बनकर तब सामने आई जब उन्होंने देश छोड़कर भागने से इन्कार कर दिया था।

उधर, दुनिया की आलोचना झेल रहे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भी नाम शामिल है। पुतिन मौजूदा समय में दुनिया के सबसे चर्चित नेता हैं। उन्होंने यूक्रेन पर हमले का फैसला लिया और इसके लिए दुनिया भर की आलोचना और प्रतिबंध झेल रहे हैं। लेकिन इससे उनके रुतबे में कोई कमी नहीं दिख रही। प्रतिबंधों के बावजूद पुतिन अपने रूख पर अडिग हैं। पुतिन ने झुकने का कोई संकेत नहीं दिया है। वो अंतरराष्ट्रीय कोर्ट की भी परवाह नहीं कर रहे हैं।

पुतिन के खिलाफ खासे हमलावर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का भी इसमें नाम शामिल है। पिछले साल जनवरी में सत्ता संभालने वाले बाइडन ने अफगानिस्तान से सेना को वापस बुलाने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। बाइडन खुले शब्दों में रूस और पुतिन की आलोचना करने के लिए जाने जाते हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद उन्होंने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। यहां तक कि रूस ने उनके अपने यहां आने पर पाबंदी भी लगाई है। लिस्ट में उनकी हमवतन व पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल भी शामिल हैं। लिस्ट में सबसे कम उम्र की एलीन गु का नाम है जिनकी उम्र 18 साल है वहीं सबसे उम्रदराज व्यक्ति फेथ रिंगगोल्ड हैं जिनकी उम्र 91 साल है।