G20 समिट को लेकर भारत ने तैयारियां पूरी कर ली हैं लेकिन इसी बीच यह खबर आई है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली नहीं आएंगे। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का G20 समिट के लिए भारत आने का कोई प्लान नहीं है।

रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सितंबर महीने में मे होने वाली G20 समिट के लिए भारत की यात्रा प्लान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेन फोकस स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन पर है।

रूसी प्रवक्ता से जब पूछा गया कि क्या राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन डिजिटली G20 की बैठकों से जुड़ेंगे तो उन्होंने कहा कि उनकी भागीदारी के तरीके को बाद में तय किया जाएगा।

BRICS के लिए दक्षिण अफ्रीका भी नहीं गए थे पुतिन

बता दें कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहानसबर्ग में आयोजित किए गए BRICS समिट को पर्सनली अटेंड नहीं किया था। जोहानसबर्ग में उनका प्रतिनिधित्व रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने किया।

BRICS सम्मेलन में क्यों नहीं शामिल हुए थे पुतिन?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कोविड-19 के बाद हुए पहले प्रत्यक्ष BRICS शिखर सम्मेलन में भाग न लेने का फैसला किया क्योंकि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने यूक्रेनी बच्चों को रूस में निर्वासित करने की एक कथित योजना को लेकर मार्च में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। दक्षिण अफ्रीका ICC से जुड़ा हस्ताक्षरकर्ता है और आशंका थी कि वह पुतिन के आने पर उनकी गिरफ्तारी कराने में मदद करता।