Weather Update Today: उत्तर भारत में लंबे इंतजार के बाद एक बार मौसम सुहाना हो गया है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश हुई है। इससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में अगले दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री के करीब रह सकता है।
जी-20 बैठक के दौरान कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 8 सितंबर को बादल छाए रहेंगे। वहीं 9 और 10 सितंबर को बारिश की संभावना है। मौसम विभाग भी जी-20 बैठक के दौरान हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। इसके लिए एक वेबसाइट पर एक पेज भी तैयार किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन दिल्ली में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 9 सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और शाम व रात के समय बारिश की संभावना है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
गुरुवार को पश्चिमी यूपी की कुछ जगहों और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। लखनऊ में आज गरज के साथ एक या दो बार बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिलेंगी।
उत्तराखंड में ऐसा रहेगा मौसम का हाल?
उत्तराखंड के पांच राज्यों में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान की ओर से देहरादून, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।