अनामिका सिंह

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कुतुब मीनार के दीदार के लिए आने वाले कुछ पर्यटक महरौली पुरातत्त्व उद्यान की तरफ जाने में कम रुचि दिखाते रहे हैं। जबकि इस उद्यान में कुली खां का मकबरा, मेटकाफ हाउस, मेटकाफ बोट क्लब, राजाओं की बावली, जमाली-कमाली मस्जिद और मकबरा जैसी शानदार दर्जनों ऐतिहासिक इमारतें मौजूद हैं। वहीं अब जी20 के चलते कुली खां के मकबरे सहित इन सभी ऐतिहासिक इमारतों के दिन अच्छे आने वाले हैं।

पुरातत्त्व विभाग ने तेज किया संरक्षण कार्य

दिल्ली सरकार के पुरातत्त्व विभाग द्वारा यहां संरक्षण का कार्य बड़ी ही तेजी से किया जा रहा है। कुली खां के मकबरे में पलस्तर के साथ ही उस पच्चीकारी को दोबारा संरक्षित किया जा रहा है जो इस मकबरे को खूबसूरत बनाती थी। वहीं इस उद्यान में बने मेटकाफ हाउस जोकि 19वीं शताब्दी में सर थामस मेटकाफ द्वारा बनवाया गया था उसका भी संरक्षण किया जाएगा।

परिसरों में मिलेगी धरोहरों की जानकारी

थामस मेटकाफ अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर के दरबार में अंतिम ब्रिटिश गवर्नर जनरल के एजेंट रहे थे। इसे मेटकाफ हाउस के संरक्षण के साथ ही यहां व्याख्या केंद्र भी बनाया जाएगा। जिसमें कुतुब व उसके परिसर में स्थित धरोहरों की जानकारी व चित्र देखने को मिलेंगे। साथ ही मेटकाफ हाउस में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा कैफेटेरिया, मार्ग और मूलभूत आवश्यकताओं जैसे शौचालय व पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को कोई असुविधा ना हो।

इसके अलावा मेटकाफ बोट क्लब, जिसमें कभी अंग्रेजों द्वारा नौका विहार का आनंद लिया जाता था। इसका डीडीए द्वारा भूनिर्माण कर संरक्षित कर झील का रूप दिया जा रहा है। झील के बीच में फव्वारे व चारों ओर रंग-बिरंगी लाइट लगाई जाएगी, जो इसके सौंदर्य को कई गुना बढ़ा देंगी। झील के आधे हिस्से में पानी भी छोड़ दिया गया है। मालूम हो कि इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखने के लिए टिकट नहीं लेनी होती है।

सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे : संजय गर्ग

दिल्ली सरकार में पुरातत्व विभाग के सचिव संजय गर्ग ने बताया कि धरोहर के संरक्षण के साथ ही हमारी कोशिश यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षा प्रदान करना भी है। इसीलिए कुली खां के मकबरे व मेकटाफ हाउस पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

फिलहाल तेजी से कुली खां के मकबरे पर समय के साथ धुंधली हो चुकी पेंटिंग को दोबारा मूलरूप में लाने का प्रयास किया जा रहा है।