लोगों की आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। अब इसका भव्य समापन भी हो चुका है। बात चाहे बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली या नोएडा की हो- हर जगह इस पर्व को पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाटों पर उमड़ी।
गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट, पटना के कंकड़बाग पार्टी का घाट और नोएडा के कालिंदी कुंज तट पर श्रद्धालुओं ने आज सूर्य देव को अर्घ्य दिया और छठ पर्व का पारंपरिक रीति से समापन हुआ। इस दौरान घाटों पर भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी। ढोलक की थाप और पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों ने पूरे माहौल को भक्ति और आस्था से भर दिया।
राजधानी दिल्ली में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ के लिए भव्य तैयारी की थी। यमुना की सफाई इस बार बड़ा मुद्दा बनी रही। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को वासुदेव घाट पर छठ पूजा में हिस्सा ले सकते हैं। इसी वजह से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के लिए बता दें कि छठ पूजा का चौथा दिन काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। आज सुबह से ही सभी नदी, तालाब और घाटों पर एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। महिलाएं और पुरुष अपने पूरे परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। जैसे ही सूर्य की पहली किरण निकली, सभी ने पूजा-अर्चना शुरू की और भगवान भास्कर से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस बार की छठ पर स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। हर राज्य में जिला प्रशासन ने पूरी सक्रियता दिखाई। युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर साफ-सफाई अभियान में हिस्सा लिया। अगर एक तरफ महिलाओं ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया, तो वहीं दूसरी ओर एनडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस बल की तैनाती ने सुरक्षा को सुनिश्चित किया। शांति और भक्ति के वातावरण में इस वर्ष छठ का पावन पर्व संपन्न हुआ।
