इटली के पूर्व प्रधान मंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी (Former Italian Prime Minister Silvio Berlusconi) की पिछले महीने 12 जून को मृत्यु हो गई थी। उन्होंने अपनी वसीयत में अपनी 33 वर्षीय गर्लफ्रेंड मार्ता फासीना (Marta Fascina) के लिए 100 मिलियन यूरो (करीब 900 करोड़ रुपये) दिए हैं। तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे सिल्वियो बर्लुस्कोनी की कुल संपत्ति 6 बिलियन यूरो से अधिक आंकी गई है।

फ़ासीना मार्च 2020 में बर्लुस्कोनी के साथ रिलेशनशिप में आईं थीं

फ़ासीना ने मार्च 2020 में बर्लुस्कोनी के साथ रिश्ता शुरू किया था। हालांकि बर्लुस्कोनी ने फ़ासीना से कानूनी तौर पर शादी नहीं की थी लेकिन उन्होंने कथित तौर पर अपनी मृत्यु प्रमाण पत्र पर उन्हें अपनी ‘पत्नी’ के रूप में दर्शाया है। 33 वर्षीय फासीना 2018 के आम चुनाव के बाद से इटली की सांसद रही हैं। वह फोर्ज़ा इटालिया की सदस्य हैं, जिस पार्टी की स्थापना शबर्लुस्कोनी ने 1994 में की थी, जब उन्होंने पहली बार राजनीति में प्रवेश किया था।

इस बीच उनके व्यापारिक साम्राज्य को उनके दो सबसे बड़े बच्चों मरीना और पियर सिल्वियो द्वारा नियंत्रित किया जाएगा। ये पहले से ही उनके बिजनेस को संभाल रहे हैं। दोनों के पास फिनइन्वेस्ट फैमिली में 53 प्रतिशत की हिस्सेदारी होगी। उन्होंने अपने भाई पाओलो (Paolo) के लिए 100 मिलियन यूरो और अपनी फोर्ज़ा इटालिया पार्टी के पूर्व सीनेटर मार्सेलो डेल’उट्री (Marcello Dell’Utri) के लिए 30 मिलियन यूरो छोड़े हैं, जिन्होंने माफिया के साथ संबंध के लिए जेल की सजा काटी थी।

बर्लुस्कोनी एक अरबपति मीडिया मुगल और व्यवसायी थे और उन्होंने प्रधान मंत्री के रूप में दशकों तक इटली की राजनीति पर हावी रहे। 12 जून को 86 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। बीमार होने पर उन्हें मिलान के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके सहयोगियों ने बताया था कि वह ल्यूकेमिया से पीड़ित थे।

वसीयत में इन लोगों के नाम की संपत्ति

मंगलवार को उनके पांच बच्चों और अन्य गवाहों की मौजूदगी में उनकी वसीयत पढ़ी गई। वसीयत में उन्होंने लिखा, ”मैं उपलब्ध स्टॉक को बराबर भागों में अपने बच्चों मरीना और पियर सिल्वियो के लिए छोड़ता हूं। मैं बाकी सभी चीजें बराबर भागों में अपने पांच बच्चों मरीना, पियर सिल्वियो, बारबरा, एलोनोरा और लुइगी के लिए छोड़ता हूं।”

उन्होंने अपनी वसीयत पर इन शब्दों के साथ हस्ताक्षर किए, “धन्यवाद, आप सभी को बहुत सारा प्यार, आपके पिताजी।” बता दें कि सिल्वियो बर्लुस्कोनी प्रधान मंत्री के रूप में नौ वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। वह तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी और जियोवन्नी गियोलिट्टी के बाद इटली में सबसे लंबे समय तक पीएम रहे।