चंद्रयान 3 ने सफलता पूर्वक चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। इस सफलता पर देशवासियों को गर्व है। वहीं इसरो के पूर्व प्रमुख के सिवन ने इसरो के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी है। उन्होंने कह कि हम बहुत उत्साहित हैं। हम इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं। गौरतलब है कि चंद्रयान-2 के फेल होने पर पूर्व ISRO चीफ पीएम नरेंद्र मोदी के गले लगकर खूब रोए थे।
दरअसल, 7 सितंबर, 2019 को पूरा देश चंद्रयान 2 के सफलतापूर्वक चांद की धरती पर उतरने का इंतजार कर रहा था। ISRO के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाने के लिए खुद प्रधानमंत्री ISRO मुख्यालय पहुंचे हुए थे। सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन आखिरी के कुछ पल में चंद्रयान से संपर्क टूट गया। खुद ISRO चीफ ने इसकी घोषणा की। इसके बाद जब पीएम मोदी भी वहां से रवाना हो रहे थे तो उन्हें विदा करने आए ISRO चीफ भावुक हो गये और पीएम मोदी के गले लग रोने लगे थे।
पीएम मोदी ने गले लगाकर थपथपाई थी पीठ
Chandrayaan-2 से संपर्क टूटने के बाद ISRO के वैज्ञानिकों के साथ ही देश के लोग भी निराश हो गए थे। पीएम मोदी को विदा करने पहुंचे ISRO चीफ के सिवन भी भावुक हो गए थे। उनकी आंखों में आंसू देख प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गले लगा लिया। इसके बाद के सिवन अपना खुद पर काबू नहीं रख पाए और रो पड़े थे। पीएम मोदी ने उन्हें गले से लगाकर उनकी पीठ थपथपाई थी।
बाद में के सिवन ने पीएम मोदी के गले लगाने पर कहा था कि वह एक “बड़ी राहत” थी। उस समय की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी। लोगों ने इसकी काफी तारीफ की थी। तस्वीर में देखा जा सकता है कि कैसे पीएम मोदी ने सिवन को गले लगा लिया था और उनकी पीठ थपथपाई थी। यह तस्वीर बेंगलुरु स्थित इसरो मुख्यालय की थी। असल में लैंडर से संपर्क टूटने के बाद सिवन काफी दुखी हो गए थे।
उन्होंने कहा था “जब मैं भावनात्मक रूप से पूरी तरह टूट गया था तब पीएम मोदी ने मुझे गले लगाया। उन्होंने समझा कि मैं कैसा महसूस कर रहा था। उनके गले लगाने से मैंने कई बातों को सीखा। यह बड़ी बात थी कि प्रधानमंत्री ने खुद मुझे सांत्वना दी। इससे मुझे काफी राहत मिली। इसके बाद हमने और मेहनत से काम करना शुरू किया।”
हालांकि अब जब चंद्रयान 3 मिशन सफल हो चुका है तो वे बेहद खुश हैं। उन्होंने चंद्रयान 2 के समय को याद किया है औऱ चंद्रयान 3 की सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वे कब से इस पल का इंतजरा कर रहे थे।