Shivraj Patil Death News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। शुक्रवार सुबह 6:30 बजे उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से बीमारी से जूझ रहे थे और घर में ही डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी था।
शिवराज पाटिल के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। सभी नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि शिवराज पाटिल न केवल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे, बल्कि सात बार सांसद भी चुने गए थे। वह लातूर से लगातार जीतते रहे। कई मौकों पर उन्हें केंद्रीय मंत्री बनने का अवसर मिला और उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले के समय शिवराज पाटिल देश के गृहमंत्री थे। सुरक्षा में चूक को लेकर उन्हें जिम्मेदार माना गया और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। शिवराज पाटिल ने भी स्वीकार किया था कि हमले को रोकने में कमी रह गई थी।
शिवराज पाटिल कांग्रेस के बेहद अनुभवी नेता थे, जिन्होंने इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी तक के साथ काम किया। उनके निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से साइंस में ग्रेजुएशन किया था और इसके बाद मुंबई यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई पूरी की।
1980 में वह पहली बार लातूर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और 1999 तक लगातार जीत दर्ज करते रहे। 1991 से 1996 तक वे लोकसभा के स्पीकर भी रहे। उन्होंने देश और विदेश में कई संसदीय सम्मेलनों में भारत का नेतृत्व किया। 2004 के लोकसभा चुनाव में शिवराज पाटिल हार गए थे, लेकिन इसके बाद भी सोनिया गांधी ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें देश का गृहमंत्री नियुक्त किया।
