Om Prakash Chautala Net Worth: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। 89 साल की उम्र में चौटाला ने गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। चौटाला हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे। हालांकि उनका जीवन बहुत ही उतार चढ़ाव भरा रहा। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए जेबीटी शिक्षकों की हुई भर्ती मामले में बड़े पैमाने में भ्रष्टाचार और घोटाला हुआ जिसमें उनका भी नाम आया।
2009 चुनाव में चौटाला की 15 करोड़ संपत्ति
शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में कोर्ट ने चौटाला को दोषी करार दिया था। कोर्ट ने इस मामले में चौटाला को 10 साल की सजा सुनाई थी। वहीं चौटाला की कुल संपत्ति की बात करें तो उनके पास 15 करोड़ 35 लाख 95 हजार 730 रुपये थी। यह साल 2009 में चौटाला द्वारा चुनाव आयोग में दिए गए हलफनामे में दी गई थी।
पांच बार रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री
ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के उप प्रधानमंत्री रहे चौधरी देवी लाल के बेटे थे। देवीलाल की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे। हालांकि केवल एक ही कार्यकाल वो पूरा कर पाए।
द ट्रिब्यून के अनुसार ओम प्रकाश चौटाला के पास साल 1993 से पहले 3.10 लाख रुपये की संपत्ति थी। लेकिन मुख्यमंत्री कार्यकाल खत्म होने के बाद उनकी चल-अचल संपत्ति बढ़कर 4.20 करोड़ रुपये हो गई। कोर्ट में उनकी 2.73 करोड़ रुपये की आय दिखाई गई। जबकि 1.37 करोड़ रुपये का व्यय भी दिखाया गया। इस पूरी जानकारी के बाद विशेष जज विकास ढुल ने 21 मई को 2022 को ओम प्रकाश चौटाला को 2.81 करोड़ रुपये की अधिक संपत्ति रखने के वजह से दोषी ठहराया था।
करोल बाग में होटल और मॉल
बीबीसी की मानें तो ओम प्रकाश चौटाला के आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई द्वारा की गई छानबीन में पता चला था कि गुड़गांव में उनके नाम तीन प्लॉट है। जिसकी कीमत आज के समय में करीब 200 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही दिल्ली के करोल बाग में इतने ही मूल्य का एक होटल और रेस्टोरेंट्स भी है। जबकि करोलबाग में ही एक शॉपिंग मॉल भी है। जिसकी कीमत 180 करोड़ रुपये आंकी जाती है।