बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि आपकी गलत नीतियों के चलते चीन और पाकिस्तान साथ आ गए हैं। उनके इसी बयान पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में विदेश मंत्री रहे नटवर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान और चीन दशकों से एक दूसरे के करीब रहे हैं और ऐसा पंडित जवाहर लाल नेहरु के ज़माने में भी था।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री नटवर सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि मुझे आश्चर्य है कि सरकार की तरफ से कोई भी उनको यह याद दिलाने के लिए नहीं उठा कि आपने जो कहा है वह पूरी तरह से सही नहीं है। 1960 के दशक से ही चीन और पाकिस्तान एक दूसरे के करीबी रहे हैं। इसकी शुरुआत उनके परनाना जवाहरलाल नेहरू के समय में हुई थी, जो कश्मीर मुद्दे को यूएन में ले गए थे।

इसके अलावा नटवर सिंह ने रिपब्लिक टीवी चैनल से भी बातचीत में कहा कि पाकिस्तान और चीन दशकों से बहुत करीब हैं। यह आज कल नहीं हुआ है। पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय में भी पाकिस्तान हमारे खिलाफ था। हमारी चीन नीति पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय में पूरी तरह से विफल रही। हमने चीन के साथ युद्ध किया था। हम इसके लिए तैयार नहीं थे। अब वे मिल गए हैं। लेकिन यह कोई नई बात नहीं है।

बता दें कि बुधवार को राहुल गांधी ने चीन और पाकिस्तान को लेकर लोकसभा में कहा कि भारत की विदेश नीति का एकमात्र सबसे बड़ा रणनीतिक लक्ष्य दोनों देशों को अलग रखना रहा है। लेकिन आप उन्हें एक साथ लाए हैं। यह एकमात्र सबसे बड़ा अपराध है जो आप भारत के लोगों के खिलाफ कर सकते हैं।राहुल गांधी के इस बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने जमकर हमला बोला।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी जब भी कुछ बोलते हैं तो मुझे बहुत तकलीफ होती है। वो पाकिस्तान, चीन और विरोधी ताकतों को फायदा पहुंचाने वाले बयान क्यों देते हैं मुझे समझ नहीं आता। लोकसभा में जो बातें उन्होंने कही वो निंदनीय है। एक जिम्मेदार नेता इस तरह की बातें नहीं करता है।