शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक जरनैल सिंह का निधन कोरोना संक्रमण की वजह से हो गया। जरनैल सिंह साल 2009 में तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम पर जूता फेंकने के कारण चर्चा में आ गए थे। जरनैल सिंह 1984 के दंगों के आरोपियों को ठीक से सजा ना दिलवा पाने के कारण चिदंबरम से नाराज थे। वहीं दूसरी तरफ पूर्व भाजपा सांसद और अभिनेता परेश रावल की मौत की झूठी खबर सोशल मीडिया पर उड़ी। जिसके बाद परेश रावल ने सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रिया दी।
जरनैल सिंह 2015 में राजौरी गार्डन से विधायक बने थे। उससे पहले वह 2014 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके थे। लेकिन उन्हें लोकसभा के चुनावों में करारी हार मिली थी। हालांकि बाद में जरनैल सिंह को पार्टी ने कई अहम जिम्मेदारियां भी दी थी। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में जरनैल सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके और प्रकाश सिंह बादल और मौजूदा मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि जरनैल सिंह चुनाव हार गए थे।
जरनैल सिंह को आम आदमी पार्टी ने पिछले साल हिंदू देवी-देवताओं को लेकर फेसबुक पर टिप्पणी करने के मामले में पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। जिसके बाद जरनैल सिंह ने पोस्ट डिलीट करते हुए कहा था कि वो पोस्ट उन्होंने नहीं बल्कि उनके बेटे ने उनका फोन यूज कर किया था। जरनैल सिंह को 1984 के पीड़ितों की मुखर आवाज माना जाता था। वे 1984 नरसंहार से जुड़े मुद्दों को अनेकों प्लेटफॉर्म पर उठा चुके थे। साल 2009 में जरनैल सिंह ने पत्रकार रहते हुए एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम पर जूता फेंक दिया था।
जरनैल सिंह पिछले दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं आ रहा था। जिसके बाद शुक्रवार को उनका निधन हो गया। जरनैल सिंह के निधन पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली विधानसभा में अपने पूर्व साथी जरनैल सिंह के निधन का समाचार हम सबके लिए दुखद है। 1984 के नरसंहार के पीड़ित परिवारों के न्याय के लिए लड़ने वाली एक बुलंद आवाज हमारे बीच से चली गई। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में जगह दे। जरनैल सिंह के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई राजनीतिक व्यक्तियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा के पूर्व सांसद और अभिनेता परेश रावल के मौत की अफवाह भी सोशल मीडिया पर उड़ी। कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि तक दे डाली। अपनी मौत की अफवाह पर परेश रावल ने मजेदार प्रतिक्रिया दी। परेश रावल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि गलतफहमी के लिए खेद है क्योंकि मैं तो आज सुबह 7 बजे के बाद भी सोता रहा। परेश रावल ने श्रद्धांजलि वाली पोस्ट को शेयर भी किया जिसके बाद कई यूजर ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी।