पवित्र अमरनाथ यात्रा जारी है और हर रोज हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर रहे हैं। खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा को कुछ दिनों के लिए रोका गया था लेकिन एक बार फिर से यात्रा शुरू हो गई है। मंगलवार को 3 दिन बाद यात्रियों का एक जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ। वहीं अमरनाथ यात्रा के लिए विदेशी नागरिक भी पहुंच रहे हैं।

अमेरिका से दो नागरिक अमरनाथ यात्रा पर पहुंचे

अमरनाथ यात्रा के लिए अमेरिका के कैलिफोर्निया से दो विदेशी नागरिक कश्मीर पहुंचे हैं। दोनों ही नागरिक अमेरिका के कैलिफोर्निया के रहने वाले हैं और वह 40 साल से यात्रा के बारे में जानते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भी यात्रा पर आए थे और उन पर भोले की कृपा है कि वह यात्रा का हिस्सा बन पाए हैं।

दोनों नागरिकों ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जब अमरनाथ यात्रा पर आए तो उन्हें बहुत ही महत्वपूर्ण अनुभव हुआ था। एक यात्री ने कहा कि मैं इस कहानी को 40 वर्षों से जानता हूं। यहां आना असंभव और सपना जैसा लगता था लेकिन भोलेनाथ की कृपा से सब कुछ हो गया। हम यहां पर पहुंच गए हैं। हम बता नहीं सकते कि हम कैसा महसूस कर रहे हैं।

पवित्र अमरनाथ यात्रा जारी है। खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा को कुछ दिनों के लिए रोका गया था लेकिन एक बार फिर से यात्रा शुरू हो गई है।

हाईवे बंद होने से रुक गई थी यात्रा

बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया था और अमरनाथ यात्रा रुक गई थी। करीब 3 दिनों तक हाईवे पर आवाजाही बंद थी। अधिकारियों ने बताया कि रामबन खंड पर मरम्मत कार्य को लेकर हाइवे बंद किया गया था। बारिश के कारण हाईवे पर कई जगह गड्ढे हो गए थे, जिसकी मरम्मत के लिए हाईवे को बंद किया गया था। यात्रा रुकने के कारण करीब 15000 श्रद्धालु जम्मू और अन्य स्थानों पर फंस गए थे लेकिन अब फिर से एक बार यात्रा शुरू होने से लोगों को राहत मिली है।